Explore

Search

August 20, 2026 9:35 pm

रतनपुर-केंदा-केवची मार्ग की बदहाली पर विधायक सड़क पर, धान लगाकर किया विरोध

गुणवत्ताहीन और अधूरे निर्माण को लेकर कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन, उच्चस्तरीय जांच और ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग

CBN36 बिलासपुर/कोटा, 20 अगस्त। रतनपुर-केंदा-केवची राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-45 के गुणवत्ताहीन और अधूरे निर्माण को लेकर कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव गुरुवार को सड़क पर उतर गए। विधायक ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ सड़क पर बैठकर करीब दो घंटे तक धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान सड़क पर धान लगाकर विरोध जताया गया।

प्रदर्शन की सूचना पर एसडीएम तखतपुर नीतिन तिवारी, तहसीलदार रतनपुर और राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यपालन अभियंता मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आंदोलनकारियों से ज्ञापन लिया। विधायक ने कलेक्टर के नाम सौंपे ज्ञापन में सड़क निर्माण की उच्चस्तरीय जांच कराने, जिम्मेदार ठेकेदार और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की।

गड्ढों और कीचड़ से राहगीर परेशान

विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि रतनपुर से जबलपुर तक बनने वाला यह मार्ग छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों वाहनों का आवागमन होता है। इसके बावजूद रतनपुर-केंदा-केवची मार्ग का निर्माण अधूरा और गुणवत्ताहीन है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे और कीचड़ होने से वाहन चालकों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने दावा किया कि आए दिन वाहन गड्ढों में फंस रहे हैं और दुर्घटनाएं हो रही हैं। इससे लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।

ठेकेदार और अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप

विधायक ने आरोप लगाया कि ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों की अनियमितता व लापरवाही के कारण सड़क का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से नहीं किया गया। शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से स्थिति जस की तस बनी हुई है।

जांच के साथ नई निविदा की मांग

ज्ञापन में विधायक ने मांग की कि रतनपुर-केंदा-केवची राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण जल्द शुरू कर पूरा कराया जाए। फिलहाल सड़क की मरम्मत और गड्ढों की फिलिंग का काम तत्काल कराया जाए। साथ ही सड़क की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों की उच्चस्तरीय जांच हो।

उन्होंने गुणवत्ताहीन सड़क निर्माण के लिए जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ जांच कर निविदा निरस्त करने और नई निविदा प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। इसके अलावा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप निर्माण नहीं कराने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की मांग की।

कार्रवाई नहीं हुई तो बड़े आंदोलन की चेतावनी

अटल श्रीवास्तव ने कहा कि सड़क की बदहाली के कारण राहगीरों को परेशानी हो रही है और दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। ऐसे में सड़क निर्माण जल्द पूरा कराया जाना जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी बड़े आंदोलन और विरोध प्रदर्शन के लिए मजबूर होंगे।

प्रदर्शन में रतनपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष अग्रवाल, जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष आदित्य दीक्षित, जिला महामंत्री शीतल जायसवाल, विधायक प्रतिनिधि रियाज अहमद, पार्षद पुष्कान्त कश्यप, आनंद जायसवाल, शिवा पाण्डेय, जिला पंचायत सदस्य रजनी पिंटू मरकाम, ब्लॉक अध्यक्ष अश्वनी उद्देश्य, जनपद सदस्य सचिन साहू, विधायक प्रतिनिधि शिवदत्त पांडे, विधायक प्रतिनिधि कुलवंत सिंह, यासीन खान, कृष्णा साहू, गोवर्धन आमों, पिंटू गुप्ता, राम गंधर्व, कपिल, मनोज बाजपेई, संतोष साहू, शैलेश राजपूत, पूर्णिमा वैष्णव, रॉकी अनुरागी सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS