Explore

Search

August 19, 2026 2:34 pm

सेजेस अंबेडकर में 76 बालिकाओं को मिली सरस्वती साइकिल, विधायक अमर अग्रवाल ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ

CBN36 बिलासपुर।सेजेस डॉ. बीआर अंबेडकर स्कूल में सरस्वती साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल ने 76 बालिकाओं को साइकिल वितरित की। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ राष्ट्रभावना और नशामुक्त जीवन का संदेश दिया।

साइकिल मिलने से आसान होगी स्कूल तक पहुंच

सत्यम टॉकीज चौक स्थित स्वामी आत्मानंद डॉ. बीआर अंबेडकर विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विधायक ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना से बालिकाओं की स्कूल तक पहुंच आसान हुई है। इससे बालिकाओं की पढ़ाई जारी रखने और ड्रॉपआउट कम करने में मदद मिली है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ ने वर्ष 2004 में बालिकाओं को स्कूल आने-जाने के लिए साइकिल देने की पहल की थी, जिसे बाद में दूसरे राज्यों ने भी अपनाया।

विद्यार्थियों ने गाया वंदेमातरम्

वंदेमातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर विधायक अमर अग्रवाल ने विद्यार्थियों के साथ राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में देश के प्रति गौरव, समर्पण और राष्ट्रभावना मजबूत होती है।

स्कूल विकास के लिए 15 लाख रुपये

विधायक ने विद्यालय की अधोसंरचना विकास के लिए विधायक निधि से 15 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और परिवार व समाज को नशामुक्त बनाने में योगदान देने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, अनुशासित और नशामुक्त युवा ही सशक्त भारत की मजबूत नींव हैं।

बाल कैबिनेट को भी दिलाई शपथ

कार्यक्रम में विधायक ने विद्यालय की बाल कैबिनेट को शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्कूल के विकास में विद्यार्थियों की भागीदारी और जिम्मेदारी भी महत्वपूर्ण है।

छात्र के सवाल पर बोले- शिक्षा से बनेगा भारत विश्वगुरु

विद्यार्थियों से संवाद के दौरान एक छात्र ने सवाल किया कि भारत विश्वगुरु कैसे बनेगा। इस पर अमर अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा को केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं रखना चाहिए। शिक्षा के माध्यम से ज्ञान, व्यक्तित्व और जीवन-मूल्यों का विकास होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से व्यक्तित्व विकास, स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया।

अगले सत्र से शुरू होगा कॉमर्स

विद्यालय के प्राचार्य के आग्रह पर विधायक ने अगले शैक्षणिक सत्र से सेजेस डॉ. बीआर अंबेडकर विद्यालय में कॉमर्स विषय शुरू करने के लिए आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की रुचि, क्षमता और भविष्य की संभावनाओं के अनुरूप बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

कार्यक्रम के दौरान विधायक अमर अग्रवाल ने शिक्षा, युवा विकास, राष्ट्रभावना, नशामुक्ति और विद्यालय की अधोसंरचना को लेकर अपनी प्राथमिकताएं भी सामने रखीं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS