Explore

Search

August 14, 2026 12:22 am

ट्रेन में 1.96 करोड़ का विदेशी सोना! आरपीएफ क्राइम ब्रांच ने दबोचे दो तस्कर

CBN36 बिलासपुर, 13 अगस्त 2026। रेलवे सुरक्षा बल की क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेन से करोड़ों रुपये का विदेशी सोना पकड़ा है। RPF क्राइम ब्रांच रायपुर और नागपुर की टीम ने DRI नागपुर के साथ मिलकर हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में दो संदिग्धों को पकड़ा। उनके कब्जे से 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.96 करोड़ रुपये बताई गई है।

7 सोने के बिस्किट और एक छड़ मिली

संयुक्त टीम ने भंडारा और नागपुर के बीच ट्रेन के B-12 कोच में दोनों संदिग्धों को घेरा। तलाशी लेने पर उनके पास से विदेशी सोने के 7 बिस्किट और एक सोने की छड़ बरामद हुई। इतनी बड़ी मात्रा में सोना मिलने से ट्रेन में हड़कंप मच गया।

खुफिया सूचना पर आरपीएफ़ ने बिछाया जाल

RPF क्राइम ब्रांच नागपुर के निरीक्षक को सूचना मिली थी कि दुरंतो एक्सप्रेस में दो व्यक्ति विदेशी सोना लेकर सफर कर रहे हैं। सूचना मिलते ही नागपुर टीम ने रायपुर क्राइम ब्रांच को अलर्ट किया। इसके बाद DRI नागपुर के साथ संयुक्त टीम तैयार कर ट्रेन में निगरानी शुरू की गई।

रायपुर से नागपुर तक चली सघन निगरानी

सूचना के आधार पर टीम ने रायपुर से नागपुर तक ट्रेन में सघन जांच और निगरानी की। जैसे ही संदिग्धों की पहचान हुई, टीम ने B-12 कोच में उनकी तलाशी ली और करोड़ों रुपये का विदेशी सोना बरामद कर लिया।

कस्टमस एक्ट में केस, DRI करेगी आगे की जांच

कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को बरामद सोने सहित DRI नागपुर के सुपुर्द कर दिया गया। दोनों के खिलाफ Customs Act, 1962 की धारा 135 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले में विदेशी सोने की तस्करी से जुड़े नेटवर्क और सोने के स्रोत को लेकर DRI, नागपुर द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है।

आरपीएफ की सतर्कता से बड़ी खेप पकड़ी

करोड़ों रुपये के विदेशी सोने की बरामदगी में RPF क्राइम ब्रांच रायपुर और नागपुर की सतर्कता, त्वरित सूचना-साझाकरण और DRI के साथ प्रभावी समन्वय अहम रहा। RPF की टीमें ट्रेनों और रेलवे परिसरों में अवैध एवं प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चला रही हैं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS