Explore

Search

August 12, 2026 5:33 pm

109 बालिकाओं को मिली साइकिल, तिरंगा लेकर तिरंगा यात्रा के लिए रवाना हुईं छात्राएं

CBN36 बिलासपुर। सरस्वती साइकिल योजना के तहत मंगलवार को बिलासपुर के दो ऐतिहासिक विद्यालयों की 109 बालिकाओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की गई। बिलासपुर विधायक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अमर अग्रवाल ने मिशन उच्चतर माध्यमिक शाला और बर्जेस मेमोरियल कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को साइकिल और तिरंगा भेंट किया। तिरंगा हाथों में लेकर छात्राएं उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा के लिए रवाना हुईं।

मिशन स्कूल की 60 और बर्जेस स्कूल की 49 छात्राओं को साइकिल मिली। इस दौरान दोनों विद्यालयों में वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर सामूहिक गायन भी किया गया।

साइकिल से आसान हुई बेटियों की राह

अमर अग्रवाल ने कहा कि वर्ष 2004 से संचालित सरस्वती साइकिल योजना बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। दूर-दराज के क्षेत्रों की छात्राओं के लिए स्कूल तक पहुंच आसान होने से शिक्षा में निरंतरता बढ़ी और ड्रॉपआउट कम हुआ। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल साइकिल देने तक सीमित नहीं है, बल्कि बालिकाओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और बेहतर भविष्य की ओर बढ़ाने का माध्यम है।

बर्जेस स्कूल में 14 लाख के विकास कार्यों का उद्घाटन

बर्जेस मेमोरियल कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विधायक निधि से करीब 14 लाख रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त कक्ष और फर्शीकरण कार्य का उद्घाटन किया गया। अमर अग्रवाल ने विद्यालय की शैक्षणिक सुविधाओं और अधोसंरचना के विकास की सराहना की। उन्होंने वर्ष 1885 से शिक्षा के क्षेत्र में योगदान दे रही संस्था के प्रबंधन को बधाई दी।

मिशन स्कूल में दो अतिरिक्त कक्षों का लोकार्पण

मिशन उच्चतर माध्यमिक शाला में दो अतिरिक्त कक्षों का लोकार्पण किया गया। अग्रवाल ने कहा कि विद्यार्थियों की बढ़ती शैक्षणिक जरूरतों को देखते हुए स्कूलों में अधोसंरचना का विकास जरूरी है। उन्होंने 100 वर्षों से अधिक समय से शिक्षा के क्षेत्र में योगदान दे रहे मिशन स्कूल प्रबंधन को भी शुभकामनाएं दीं।

तिरंगे के सम्मान और नशामुक्ति का संकल्प

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करने और नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया। अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में नशामुक्त, शिक्षित और जिम्मेदार युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

शिक्षित और आत्मनिर्भर युवा ही विकसित भारत की ताकत

अमर अग्रवाल ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण करते हुए कहा कि उनका सपना था कि देश का प्रत्येक नागरिक शिक्षित और सक्षम बने। उन्होंने कहा कि शिक्षित, संस्कारित और आत्मनिर्भर युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं। बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देना समाज और राष्ट्र के भविष्य को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम में महापौर पूजा विधानी, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक सिंह, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य, शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्राचार्य, शिक्षक, पालक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS