CBN36 वर्धा। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय के वर्धा समाज कार्य संस्थान एवं सामाजिक नीति अनुसंधान प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में ‘सेवा संकल्प-2026’ के अंतर्गत संवाद बैठक का आयोजन गुरुवार, 13 अगस्त को प्रातः 10:30 बजे किया जाएगा।
बैठक का उद्देश्य सामाजिक सेवा, समाज कार्य एवं सामाजिक नीति के क्षेत्र में कार्यरत विभिन्न संस्थाओं के साथ संवाद और समन्वय स्थापित करना है। इस दौरान सामाजिक विकास, जनकल्याण और सेवा कार्यों से जुड़े विभिन्न विषयों पर संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा।
वर्धा समाज कार्य संस्थान के निदेशक प्रो. के. बालराजु ने बताया कि समाज कार्य शिक्षा को व्यावहारिक सामाजिक सरोकारों से जोड़ने और सामाजिक संस्थाओं के साथ सहयोगात्मक कार्य को बढ़ावा देने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण है। संवाद बैठक के माध्यम से सामाजिक सेवा के क्षेत्र में नई संभावनाओं, साझेदारी और प्रभावी हस्तक्षेपों पर चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा करेंगी। बैठक में संयोजक के रूप में वर्धा समाज कार्य संस्थान के सहायक प्रोफेसर डॉ. शिवसिंह बघेल सहित संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधि सहभागिता करेंगे।
‘सेवा संकल्प-2026’ के माध्यम से विश्वविद्यालय और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय संस्थाओं के बीच समन्वय को मजबूत करने तथा सामाजिक विकास के लिए सामूहिक प्रयासों को नई दिशा देने की पहल की जा रही है।
प्रधान संपादक



