Explore

Search

August 11, 2026 4:29 pm

CM साय का युवाओं के हित में बड़ा फैसला! शिक्षक भर्ती से टकराव के चलते बदली पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा की तारीख, अब 2-4 नवंबर को होगी परीक्षा

शिक्षक भर्ती परीक्षा से टकरा रही थीं तिथियां, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर आयोग ने किया बदलाव

CBN36 रायपुर।प्रदेश के युवाओं के हित में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संवेदनशील पहल करते हुए पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा की तिथियों में बदलाव के निर्देश दिए हैं। शिक्षक भर्ती परीक्षा और सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा की तिथियां एक-दूसरे से टकराने के कारण अभ्यर्थियों को होने वाली परेशानी को मुख्यमंत्री ने गंभीरता से लिया। इसके बाद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने परीक्षा की संशोधित तिथियां जारी कर दी हैं।

पहले सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर (मुख्य) परीक्षा-2024 का आयोजन 24, 25 एवं 26 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित था। वहीं 25 अक्टूबर 2026 को शिक्षक भर्ती परीक्षा आयोजित होनी थी। दोनों परीक्षाओं की तिथियां एक होने के कारण दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के सामने किसी एक परीक्षा से वंचित होने की स्थिति बन रही थी।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर बदली परीक्षा तिथि

अभ्यर्थियों की इस समस्या की जानकारी मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने अधिकारियों को तत्काल आवश्यक समाधान करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा की पूर्व निर्धारित तिथियों में बदलाव किया है।

अब सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर (मुख्य) परीक्षा-2024 का आयोजन 2, 3 एवं 4 नवंबर 2026 को किया जाएगा।

युवाओं को अवसर से वंचित नहीं होने देंगे: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि युवाओं का हित राज्य सरकार के लिए सर्वोपरि है। केवल परीक्षा तिथियों के टकराव के कारण कोई भी पात्र अभ्यर्थी किसी अवसर से वंचित न रहे, यह सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए युवा वर्षों तक मेहनत करते हैं। ऐसे में परीक्षा कार्यक्रम से जुड़ी किसी व्यावहारिक समस्या के कारण उन्हें दो अवसरों में से किसी एक को चुनने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए। राज्य सरकार युवाओं की आकांक्षाओं के प्रति संवेदनशील है और उनके भविष्य से जुड़े मामलों में तत्परता से निर्णय लेने के लिए प्रतिबद्ध है।

अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर रखें नजर

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने मुख्य परीक्षा के लिए चिन्हांकित अभ्यर्थियों को पृथक से ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करने की सलाह दी है। आवेदन और परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी आयोग द्वारा अलग से जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें।

मुख्यमंत्री श्री साय ने आगामी भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को उज्ज्वल भविष्य और सफलता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS