13 चोरी के वाहन बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार; बलौदा बाजार, रायपुर, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा के बाजारों को बनाते थे निशाना
CBN 36 सिमगा। सिमगा पुलिस ने अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल 13 चोरी के वाहन बरामद किए हैं। इनमें 11 दोपहिया वाहन और दो मालवाहक वाहन शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी भीड़भाड़ वाले बाजार और मार्केट क्षेत्रों में रेकी कर वाहनों को निशाना बनाते थे। चोरी के लिए एक विधि विरोधी किशोर का भी इस्तेमाल किया जाता था।

पुलिस अधीक्षक आईपीएस गौरव राय के निर्देश पर वाहन चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिमगा पुलिस को यह सफलता मिली।
सब्जी मार्केट से स्कूटी चोरी के बाद शुरू हुई जांच
पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त को सिमगा के सब्जी मार्केट से एक स्कूटी चोरी हो गई थी। मामले में टेमप्रिया सोनवानी ने 5 अगस्त को थाना सिमगा में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने सिमगा कस्बे में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी की स्कूटी को पैदल ले जाता दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने सिमगा से भाटापारा, हथबंद और सुहेला मार्ग पर लगे सैकड़ों CCTV कैमरों के फुटेज की जांच की।
CCTV फुटेज के साथ मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस संदिग्धों तक पहुंची और घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
किशोर से कराते थे वाहनों की चोरी
पूछताछ में पुलिस को गिरोह के काम करने के तरीके के बारे में अहम जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक आरोपी बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में वाहनों की रेकी करते थे और विधि विरोधी किशोर के जरिए वाहन चोरी करवाते थे।
चोरी के बाद मोटरसाइकिलों, उनके पार्ट्स और अन्य वाहनों को अलग-अलग स्थानों पर खपाया जाता था। गिरोह मुख्य रूप से बलौदाबाजार-भाटापारा, रायपुर, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिले के बाजार क्षेत्रों को निशाना बनाता था।
अकेले बलौदाबाजार जिले में छह मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में ही वाहन चोरी के छह आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इसके अलावा आसपास के जिलों में भी आरोपियों के खिलाफ मोटरसाइकिल चोरी के कई मामले सामने आए हैं।
मामले की विवेचना के दौरान आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 326/2026 के तहत धारा 303(2), 317(2), 340, 95, 112 BNS, किशोर न्याय अधिनियम 2015 की धारा 83(2) तथा मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को 9 अगस्त को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
13 वाहन और अतिरिक्त बैटरी बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 13 वाहन बरामद किए।
- 11 दोपहिया वाहन, जिनमें स्कूटी, मोटरसाइकिल और TVS एक्सेल शामिल हैं।
- एक ई-रिक्शा।
- एक मालवाहक वाहन।
- एक अतिरिक्त बैटरी।
पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। भागीरथी बंजारे (42), पिता दयाराम बंजारे, निवासी ग्राम घिरधोल, थाना पलारी।
लव कुमार मरकाम (38), पिता मिठाई लाल मरकाम, निवासी ग्राम अर्जुनी, थाना भाटापारा ग्रामीण।तरुण कुमार साहू (32), पिता तोरण साहू, निवासी ग्राम अर्जुनी, थाना भाटापारा ग्रामीण शामिल हैं ।मामले में एक विधि विरोधी किशोर के विरुद्ध भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की अपील- बिना दस्तावेज सस्ती गाड़ी खरीदने से बचें
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पुरानी या सेकंड हैंड गाड़ी खरीदते समय उसके मूल दस्तावेज, RC, बीमा और वाहन मालिक की पहचान का सत्यापन जरूर करें। बिना वैध दस्तावेज या मालिक की सही जानकारी के किसी अनजान व्यक्ति से सस्ती कीमत पर वाहन खरीदने से बचें।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि चोरी का वाहन खरीदने पर खरीदार भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकता है। संदिग्ध वाहन या उसकी बिक्री की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।
प्रधान संपादक



