
रायपुर स्टेशन पर बेहोशी जैसी हालत में मिले यात्री को तत्काल दिया उपचार, एंबुलेंस से अंबेडकर अस्पताल भेजा
CBN36 रायपुर। रायपुर रेलवे स्टेशन पर एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ने पर रेलवे कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए समय पर उपचार दिलाया और एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। रेलवे कर्मचारियों की इस त्वरित कार्रवाई से यात्री को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकी। यात्री के परिजनों ने रेलवे कर्मचारियों का आभार जताया।
जानकारी के अनुसार, सात अगस्त को ट्रेन संख्या 18238 से रानी कमलापति से रायपुर आ रहे 56 वर्षीय यशवंत सिंह एच-1 कोच में यात्रा कर रहे थे। ट्रेन रायपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 5-6 पर पहुंची। ट्रेन से उतरने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। हालत इतनी खराब थी कि वह खुद खड़े भी नहीं हो पा रहे थे।
सीटीआई की नजर पड़ी तो तुरंत पहुंचे
ड्यूटी पर तैनात सीटीआई/रायपुर स्क्वाड मकसूद अली की नजर यात्री पर पड़ी। उन्होंने तत्काल यात्री को संभाला और सुरक्षित स्थान पर लिटाया। इसके बाद कमर्शियल कंट्रोल को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही डिप्टी एसएस/कमर्शियल/रायपुर राजा सरकार मौके पर पहुंचे और यात्री की स्थिति को देखते हुए रेलवे चिकित्सक से संपर्क किया।
रेलवे की ओर से तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था की गई। वहीं यात्री के परिजनों को भी उनकी तबीयत की जानकारी दी गई।
बैटरी कार से पहुंचाया, डॉक्टर ने दिया प्राथमिक उपचार
ड्यूटी पर तैनात सीसीटीसी अजीत कुमार और राहुल दामले समेत स्टेशन स्टाफ बैटरी कार लेकर मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों ने आपसी समन्वय से यात्री को सावधानीपूर्वक सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। रेलवे चिकित्सक ने यात्री की जांच कर आवश्यक दवाएं और प्राथमिक उपचार दिया।
इसके बाद रेलवे की एंबुलेंस से यात्री को उनके परिजनों के साथ अंबेडकर अस्पताल भेजा गया, जहां उन्हें आगे के उपचार के लिए भर्ती कराया गया। रेलवे कर्मचारियों ने यात्री के सामान को भी सुरक्षित रखा और बाद में उनके परिजनों को सौंप दिया।
यात्री ने सोशल मीडिया पर जताया आभार
समय पर मिली सहायता के बाद यशवंत सिंह ने रेलवे कर्मचारियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि रेलवे कर्मचारियों की तत्परता से उन्हें समय पर मदद और उपचार मिल सका। उन्होंने कर्मचारियों की संवेदनशीलता और मानवीय सहयोग की सराहना की।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम में कर्मचारियों की सजगता, त्वरित निर्णय क्षमता और आपसी समन्वय से यात्री को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा उसकी प्राथमिकता है।
प्रधान संपादक



