तिरंगा यात्रा, रैली और मैराथन से गूंजेगा देशभक्ति का संदेश, स्कूल-कॉलेजों में प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम
बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बिलासपुर जिला देशभक्ति के रंग में रंगने जा रहा है। जिले में 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ और 7 से 15 अगस्त तक ‘वंदे मातरम्’ अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नगरीय निकायों, जनपद पंचायतों, ग्राम पंचायतों, स्कूल-कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में कार्यक्रम होंगे।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अभियान की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए सभी कार्यक्रमों का व्यवस्थित और प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अभियान में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।
तिरंगा यात्रा और रैली में उमड़ेगा जनसैलाब
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिले में तिरंगा यात्रा, तिरंगा रैली, साइकिल-बाइक-कार रैली, तिरंगा दौड़ और मैराथन आयोजित की जाएगी। इनमें जनप्रतिनिधियों के साथ विद्यार्थी, युवा, स्वयं सहायता समूह, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, पुलिस विभाग, खिलाड़ी और आम नागरिक शामिल होंगे।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न स्तरों पर निकलने वाली तिरंगा यात्राओं में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
तिरंगा कॉन्सर्ट और मेले में दिखेगी देशभक्ति की झलक
अभियान के दौरान तिरंगा कॉन्सर्ट, तिरंगा कैनवास, तिरंगा प्रतिज्ञा, तिरंगा सेल्फी और तिरंगा सम्मान जैसे कार्यक्रम भी होंगे। स्थानीय स्वतंत्रता सेनानियों, वीरों और उनके परिजनों को कार्यक्रमों में आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा।
तिरंगा मेलों के जरिए स्थानीय कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों को भी मंच मिलेगा। कार्यक्रम स्थलों पर झंडे, तिरंगा वस्त्र और अन्य सामग्री के स्टॉल लगाए जाएंगे। इससे स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की भी कोशिश होगी।
स्कूल-कॉलेजों में देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम
जिले के स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों में देशभक्ति गीत प्रतियोगिता, भाषण, विचार गोष्ठी और संगोष्ठी के आयोजन होंगे। इसके अलावा छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
स्कूलों के बैंड की ओर से ‘वंदे मातरम्’ पर आधारित संगीत कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। 14 अगस्त को ‘वंदे मातरम्’ विषय पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी। सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस बैंड की ओर से वंदे मातरम् और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति भी होगी।
15 अगस्त को ग्राम पंचायत से जिला मुख्यालय तक सामूहिक गायन
स्वतंत्रता दिवस पर 15 अगस्त को जिला मुख्यालय से लेकर जनपद पंचायत, ग्राम पंचायत और नगरीय निकाय स्तर तक ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगीत और वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया जाएगा। प्रमुख स्थलों, सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष कार्यक्रम होंगे।
कलेक्टर की अपील- हर घर पर फहराएं तिरंगा
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर समयबद्ध आयोजन के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अभियान में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी होनी चाहिए और ‘हर घर तिरंगा’ को व्यापक जनभागीदारी का अभियान बनाया जाए।
उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे उत्साहपूर्वक अभियान में शामिल हों, अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएं और देशभक्ति की भावना के साथ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाएं।
प्रधान संपादक



