Explore

Search

August 6, 2026 10:28 pm

खरसिया हत्याकांड: नाना की हत्या करने वाले दो सगे नातियों को उम्रकैद

मकान और जमीन के विवाद में कुल्हाड़ी, फावड़ा व डंडे से की थी हत्या, रायगढ़ कोर्ट ने सुनाया फैसला

“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि गंभीर अपराधों में वैज्ञानिक विवेचना, ठोस साक्ष्य संकलन और अभियोजन के प्रभावी समन्वय का परिणाम है कि न्यायालय लगातार दोषियों को कठोर सजा दे रहा है। उन्होंने कहा कि अपराधियों को कानून के दायरे में लाकर सख्त दंड दिलाना रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता ”

CBN36 रायगढ़। खरसिया के बहुचर्चित वृद्ध हत्या कांड में अपर सत्र न्यायालय ने दो सगे नातियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। दोनों ने मकान और जमीन के विवाद में अपने 62 वर्षीय नाना की निर्मम हत्या कर दी थी। न्यायालय ने हत्या, घर में घुसकर हमला करने और तोड़फोड़ के आरोपों में दोषसिद्ध पाते हुए यह फैसला सुनाया।

मामला थाना खरसिया क्षेत्र के ग्राम सोण्डका का है। अभियोजन के अनुसार 26 दिसंबर 2022 को पुश्तैनी मकान और जमीन को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद के दौरान ओमप्रकाश डनसेना उर्फ गोलू और कार्तिक डनसेना ने अपने नाना गेंदलाल डनसेना (62) पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए वृद्ध कमरे में छिप गए, लेकिन आरोपियों ने गैस सिलेंडर से दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और टंगिया, फावड़ा तथा डंडे से वार कर उनकी हत्या कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही तत्कालीन थाना प्रभारी उपनिरीक्षक नंद किशोर गौतम और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आरोपी कार्तिक को घटनास्थल से ही हिरासत में ले लिया गया, जबकि फरार ओमप्रकाश को अगले दिन नावापारा रोड से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार, गैस सिलेंडर और घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त किए।

विवेचना के दौरान पुलिस ने भौतिक और मौखिक साक्ष्य जुटाकर मजबूत चालान न्यायालय में पेश किया। मामले की सुनवाई के बाद अपर सत्र न्यायाधीश खरसिया श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव ने दोनों आरोपियों को भारतीय दंड संहिता की धारा 302/34, 427 और 449 के तहत दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई।

एसएसपी शशि मोहन ने कहा साक्ष्य आधारित विवेचना से मिल रही कड़ी सजा

रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि गंभीर अपराधों में वैज्ञानिक विवेचना, ठोस साक्ष्य संकलन और अभियोजन के प्रभावी समन्वय का परिणाम है कि न्यायालय लगातार दोषियों को कठोर सजा दे रहा है। उन्होंने कहा कि अपराधियों को कानून के दायरे में लाकर सख्त दंड दिलाना रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS