SASCI योजना के तहत मिली बड़ी सफलता, स्वच्छ ऊर्जा और किसानों की आय बढ़ाने पर होगा जोर
CBN36 रायपुर, 6 अगस्त। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ने स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राज्य पूंजीगत निवेश विशेष सहायता योजना (SASCI) 2026-27 के तहत कम्प्रेस्ड बायोगैस (CBG) इकोसिस्टम के विकास के लिए 50 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि प्राप्त करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। यह राशि भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने स्वीकृत की है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे राज्य के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि सरकार स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और किसानों की आय बढ़ाने के लक्ष्य के साथ लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जैव ईंधन के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ तेजी से अपनी अलग पहचान बना रहा है और यह सफलता उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री ने ऊर्जा विभाग और छत्तीसगढ़ बायोफ्यूल विकास प्राधिकरण की टीम को बधाई भी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ कम्प्रेस्ड बायोगैस नीति-2026 कृषि, ऊर्जा और पर्यावरण क्षेत्र में परिवर्तनकारी साबित होगी। इसके माध्यम से कृषि अवशेषों और पैडी स्ट्रॉ का वैज्ञानिक उपयोग होगा, किसानों को अतिरिक्त आय का नया स्रोत मिलेगा और पराली जैसी समस्याओं के समाधान के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
राज्य सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को जैव ईंधन और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाना है। सरकार का मानना है कि सीबीजी नीति के प्रभावी क्रियान्वयन से प्रदेश में निवेश, रोजगार, जैविक खेती और हरित अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने 8 जून 2026 को छत्तीसगढ़ कम्प्रेस्ड बायोगैस नीति-2026 अधिसूचित की थी। इसके तहत कृषि अपशिष्ट और अन्य बायोमास से स्वच्छ गैसीय ईंधन का उत्पादन किया जाएगा। इससे किसानों को बायोमास की बिक्री से अतिरिक्त आय मिलेगी, जबकि संयंत्रों से निकलने वाली जैविक खाद प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देगी।
इसी दिशा में 3 अगस्त 2026 को मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर में प्रमुख सचिव ऊर्जा सुबोध कुमार सिंह की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बायोमास संग्रहण, सिंगल विंडो क्लीयरेंस, जैव उर्वरक के उपयोग, निवेश प्रोत्साहन और विभागीय समन्वय जैसे विषयों पर चर्चा हुई। छत्तीसगढ़ बायोफ्यूल विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमित सरकार ने सीबीजी परियोजनाओं की प्रगति और भावी कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण दिया। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक



