CBN 36 रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के दो दिवसीय विशेष वारंट तामीली अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले थाना प्रभारियों और अधिकारियों को पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। अभियान के दौरान डीसीपी सेंट्रल जोन क्षेत्र में 143 वारंटों की प्रभावी तामील कर लंबे समय से फरार वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई।

डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला के पर्यवेक्षण में चले अभियान में तकनीकी विश्लेषण, स्थानीय सूचना तंत्र और योजनाबद्ध रणनीति के जरिए वारंटियों तक पहुंच बनाई गई। अभियान के परिणामों को देखते हुए पुलिस आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों की कार्यशैली और टीमवर्क की सराहना की।

अभियान में उत्कृष्ट कार्य के लिए परिवीक्षाधीन उप पुलिस अधीक्षक अमित कोसमा, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश सिंह गहरवार, सिविल लाइन थाना प्रभारी निरीक्षक यमन देवांगन, गंज थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक पासवान, तेलीबांधा थाना प्रभारी निरीक्षक अजय झा, गोलबाजार थाना प्रभारी निरीक्षक स्वराज त्रिपाठी, देवेंद्रनगर थाना प्रभारी निरीक्षक दिपेश सैनी तथा मौदहापारा थाना प्रभारी निरीक्षक शक्ति सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा कि न्यायालयों द्वारा जारी वारंटों की समयबद्ध तामीली कानून के प्रभावी क्रियान्वयन की महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को भविष्य में भी इसी समर्पण, पेशेवर दक्षता और टीम भावना के साथ फरार वारंटियों व अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखने तथा न्यायालयीन आदेशों के त्वरित पालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
समारोह में डीसीपी तारकेश्वर पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला, सहायक पुलिस आयुक्त दीपक मिश्रा और रमाकांत साहू भी उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक



