
“रायपुर से गूंजा नशामुक्त भारत का संकल्प, राज्यपाल-सीएम की मौजूदगी में अभियान का शुभारंभ”
CBN36 रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर रविवार को देशभर में ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत हुई। राजधानी रायपुर के लोक भवन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में युवाओं ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया। प्रधानमंत्री ने नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से अभियान का शुभारंभ करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहकर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि नशा केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशामुक्त जीवन अपनाने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी जागरूक करने की अपील की। लोक भवन में कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित युवाओं ने उत्साहपूर्वक देखा। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्ति की शपथ भी ली।

कार्यक्रम में युवाओं को नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, सकारात्मक सोच विकसित करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।
बताया गया कि यह अभियान 2 अगस्त 2026 से अगले 100 सप्ताह तक पूरे देश में संचालित किया जाएगा। इसके तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, एनएसएस, एनसीसी, माय भारत युवा संगठन तथा अन्य युवा संगठनों के सहयोग से शपथ कार्यक्रम, जागरूकता रैलियां, पोस्टर एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं, वाद-विवाद, निबंध लेखन, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, लघु फिल्म प्रदर्शन, सोशल मीडिया अभियान और सामुदायिक संवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार श्रीमती सत्यभामा अजय दुबे, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में युवा और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक



