
CBN36 बिलासपुर। रेलवे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस महानिरीक्षक रेंज रामगोपाल गर्ग ने रेलवे सुरक्षा बल शासकीय रेल पुलिस और रेलवे लाइन से जुड़े जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक ली। बैठक में रेलवे स्टेशनों पर फेसियल रिकग्निशन सिस्टम युक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने, नशा तस्करी पर संयुक्त कार्रवाई और रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने के निर्देश दिए गए।
आईजी ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों को एक माह के भीतर आदतन अपराधियों, मादक पदार्थ तस्करों और लापता बच्चों का डाटाबेस आरपीएफ को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि एफआरएस तकनीक के माध्यम से संदिग्धों की पहचान और निगरानी प्रभावी ढंग से की जा सके।
बैठक में निर्णय लिया गया कि ट्रेनों के जरिए गांजा, हेरोइन, सिंथेटिक ड्रग्स तथा अवैध कबाड़ की तस्करी रोकने के लिए आरपीएफ , जीआरपी और जिला पुलिस की संयुक्त सरप्राइज चेकिंग टीम गठित की जाएगी। रेलवे संपत्ति चोरी करने वाले कबाड़ियों के नेटवर्क पर भी RPUP एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई होगी।
आईजी ने रेलवे स्टेशन परिसरों में रात के समय असामाजिक तत्वों के जमावड़े पर सख्ती से रोक लगाने, रात में ठहरने वाली ट्रेनों की शत-प्रतिशत जांच तथा स्टेशनों पर खड़े लावारिस वाहनों की सघन तलाशी के निर्देश दिए। उन्होंने महिला सुरक्षा, चोरी और मानव तस्करी जैसे मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए ‘रेल मदद’ ऐप और आरपीएफ के सूचना तंत्र की सराहना भी की।
बैठक में सक्ती के जेठा स्टेशन अंडरब्रिज की तकनीकी खामियों की जांच के लिए संयुक्त सर्वे कराने तथा पेंड्रा, खरसिया और सक्ती में ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान के लिए फ्लाईओवर प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। बाराद्वार रेलवे फाटक पर संडे मार्केट के दौरान अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने का निर्णय लिया गया।
साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए रेलवे वाई-फाई का दुरुपयोग कर भड़काऊ पोस्ट करने वालों की पहचान हेतु विशेष साइबर मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में एडीआरएम, बिलासपुर, रेलवे एसपी रायपुर, आरपीएफ के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, बिलासपुर, तथा बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, सक्ती, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और जांजगीर-चांपा के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
आईजी रामगोपाल गर्ग ने सभी अधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करते हुए रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
प्रधान संपादक



