Explore

Search

July 29, 2026 9:54 pm

बिलासपुर सेंट्रल जेल में कैदी ने जलती भट्ठी में लगाई छलांग, मौत

“कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह पुलिस बल के साथ केंद्रीय जेल पहुंचे और हालात का जायजा लिया, फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) तथा पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं”

CBN36 छत्तीसगढ़।छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित केंद्रीय जेल में बुधवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। डबल मर्डर के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे कैदी बृजेश उर्फ राहुल ने जेल परिसर में स्थित गैसीफायर प्लांट की जलती भट्ठी में छलांग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद जेल परिसर में खतरे का सायरन बजा दिया गया, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह पुलिस बल के साथ केंद्रीय जेल पहुंचे और हालात का जायजा लिया। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) तथा पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना जेल परिसर के उच्च सुरक्षा वाले हिस्से में स्थित गैसीफायर प्लांट के पास हुई। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि कैदी वहां तक कैसे पहुंचा और उसने यह कदम कैसे उठाया। प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था में किसी संभावित चूक की भी जांच कर रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। एफएसएल की रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद केंद्रीय जेल की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS