
“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि तकनीकी, सीसीटीवी फुटेज और त्वरित विवेचना के आधार पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर चोरी का हुआ खुलासा किया,उन्होंने लोगों से प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे चालू रखने कहा “
CBN36 रायगढ़। छाल थाना क्षेत्र के ग्राम हाटी स्थित मितान ढाबा और समीप के गैरेज में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गया मोबाइल, दो प्रेसर जैक तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मितान ढाबा संचालक भागीरथी साहू ने 26 जुलाई को थाना छाल में शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 जुलाई की रात ढाबे से उनका वीवो वाई-12 मोबाइल चोरी हो गया। वहीं, ढाबे के पास स्थित गैरेज संचालक अशरफ अली ने गैरेज से दो प्रेसर जैक चोरी होने की जानकारी दी। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में रात करीब 2:15 बजे एक युवक पहले ढाबे के काउंटर से मोबाइल चोरी करते और फिर गैरेज से दो प्रेसर जैक मोटरसाइकिल में ले जाते हुए दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और संदेह के आधार पर ग्राम कुडेकेला निवासी महेश दास महंत (32) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर बोकरामुड़ा और रिलो के बीच जंगल से चोरी गया मोबाइल और दोनों प्रेसर जैक बरामद किए गए। साथ ही चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल (सीजी 13 बीसी 0658) भी जब्त कर ली गई। बरामद सामान की कुल कीमत करीब ₹17 हजार आंकी गई है।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस की टीम रही सक्रिय
चोरी की वारदात का शीघ्र खुलासा करने में थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान, प्रधान आरक्षक शंभू पाण्डेय, प्रधान आरक्षक शंकर सिंह क्षत्रिय तथा आरक्षक भगवती लक्ष्मे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी बोले-सीसीटीवी और जनता की सतर्कता जरूरी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि तकनीकी, सीसीटीवी फुटेज और त्वरित विवेचना के आधार पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर चोरी का खुलासा किया। उन्होंने लोगों से प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे चालू रखने, कीमती सामान सुरक्षित रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
प्रधान संपादक



