Explore

Search

September 21, 2026 4:20 am

लायंस क्लब बिलासपुर संगम की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ

बिलासपुर। लायंस क्लब बिलासपुर संगम का शपथ ग्रहण समारोह बल्ले-बल्ले बैंक्वेट में आयोजित किया गया। समारोह में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला मुख्य अतिथि रहे। रीजन चेयरपर्सन अर्चना तिवारी ने वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी को शपथ दिलाई। अश्विनी यादव ने अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली।

मुख्य अतिथि सुशांत शुक्ला ने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और पुण्यतिथि जैसे अवसरों पर प्रत्येक परिवार को एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया।

डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रिपुदमन पुसरी ने क्लब की स्थायी परियोजनाओं की सराहना करते हुए पर्यावरण, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में सेवा कार्य बढ़ाने की बात कही। प्रथम वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पवन मलिक और द्वितीय वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अनिल अग्रवाल ने भी समाजहित में निरंतर सेवा कार्य करने का आह्वान किया।

अध्यक्ष अश्विनी यादव ने बताया कि क्लब का ‘बुक बैंक’ प्रोजेक्ट जरूरतमंद विद्यार्थियों को निःशुल्क पुस्तकें उपलब्ध करा रहा है, जबकि ‘लायंस क्लीनिक’ के माध्यम से जरूरतमंद बुजुर्गों को चिकित्सा सहायता दी जा रही है। उन्होंने आगामी दिनों में पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा से जुड़े नए अभियान चलाने की जानकारी दी।

समारोह में क्लब की वेबसाइट का लोकार्पण भी किया गया। वहीं सिम्स बिलासपुर को मरणोपरांत देहदान का संकल्प लेने वाली श्रीमती विमला मिश्रा को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन राजेश मिश्रा और प्रिया बनर्जी ने किया, जबकि आभार सचिव नेहल मिश्रा ने व्यक्त किया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS