Explore

Search

July 11, 2026 9:08 pm

नकटी में विधायक आवास कॉलोनी का विरोध, अटल बोले- गरीबों का आशियाना उजाड़कर आवास बनाना अन्याय

बिलासपुर। कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने रायपुर जिले के नकटी गांव में प्रस्तावित विधायक आवास कॉलोनी के लिए 85 गरीब परिवारों को हटाए जाने की कार्रवाई का विरोध किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की है।

अटल श्रीवास्तव ने कहा कि भीषण बारिश के दौरान गरीब परिवारों के आशियानों को बलपूर्वक ढहाया जाना बेहद अमानवीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। गरीबों के खून-पसीने की कमाई से बने घरों को उजाड़कर जनप्रतिनिधियों के लिए आवास बनाना न तो नैतिक है और न ही न्यायोचित। उन्होंने कहा कि यदि विधायकों के लिए आवास कॉलोनी बनाना आवश्यक है तो इसके लिए किसी अन्य उपलब्ध शासकीय भूमि का चयन किया जाना चाहिए, न कि गरीबों को बेघर कर।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने कमजोर और गरीब परिवारों के अधिकारों की अनदेखी की है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के सम्मानजनक पुनर्वास, स्थायी आवास और उचित मुआवजे की मांग करते हुए कहा कि जब तक पीड़ितों को न्याय नहीं मिलता, तब तक वह नकटी में प्रस्तावित विधायक आवास कॉलोनी के निर्माण और उसमें निवास का विरोध करेंगे।

अटल श्रीवास्तव ने कहा कि किसी भी विकास कार्य की कीमत गरीबों की छत और सम्मान नहीं हो सकती। सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए पहले प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था करनी चाहिए, उसके बाद ही किसी निर्माण कार्य को आगे बढ़ाना चाहिए।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS