रायपुर, 9 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में खरीफ सीजन के दौरान खेती-किसानी ने रफ्तार पकड़ ली है। राज्य में अब तक 20.14 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में धान, मक्का, कोदो, कुटकी, अरहर, मूंग, मूंगफली, रामतिल सहित विभिन्न फसलों की बोनी हो चुकी है, जो इस वर्ष के 48.69 लाख हेक्टेयर लक्ष्य का 41 प्रतिशत है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों को समय पर प्रमाणित खाद और बीज उपलब्ध कराने तथा खेती से जुड़ी सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में कृषि विभाग लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहा है।
प्रदेश के किसानों को अब तक 7.78 लाख मीट्रिक टन उर्वरक और 3.62 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किए जा चुके हैं। खरीफ 2026 में 4.95 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य रखा गया है, जिसके मुकाबले अब तक 71 प्रतिशत बीज वितरित हो चुके हैं। वहीं 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरण लक्ष्य के विरुद्ध 13.55 लाख मीट्रिक टन का भंडारण किया गया है और 7.78 लाख मीट्रिक टन उर्वरक किसानों तक पहुंचाए जा चुके हैं, जो लक्ष्य का 57 प्रतिशत है।
राज्य में 9 जुलाई 2026 तक 248.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है, जबकि वार्षिक औसत वर्षा 1246.3 मिमी है।
कृषि विभाग ने खाद-बीज वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही सहकारी समितियों में पर्याप्त भंडारण और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
प्रधान संपादक


