Explore

Search

July 4, 2026 9:28 pm

सेवा सेतु पोर्टल से एक सप्ताह में मिला निवास प्रमाण पत्र, घर बैठे मिली शासकीय सेवा

रायपुर, 4 जुलाई। राज्य सरकार की डिजिटल सेवा व्यवस्था सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से अब लोगों को शासकीय सेवाएं तय समय-सीमा में घर बैठे मिल रही हैं। कोरबा जिले की एक छात्रा को पोर्टल के जरिए आवेदन करने के बाद मात्र एक सप्ताह में निवास प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ है।

सरकार के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन, पारदर्शिता और डिजिटल प्रशासन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सेवा सेतु पोर्टल संचालित किया जा रहा है। इसके माध्यम से नागरिक विभिन्न प्रमाण पत्रों एवं अन्य शासकीय सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन कर निर्धारित समय-सीमा में उनका लाभ प्राप्त कर रहे हैं। इससे सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता कम हुई है और समय व खर्च दोनों की बचत हो रही है।

कोरबा जिले की पोड़ी उपरोड़ा तहसील के ग्राम सुतर्रा निवासी कुमारी निधि सेन ने निवास प्रमाण पत्र के लिए गांव के लोक सेवा केंद्र के माध्यम से सेवा सेतु पोर्टल पर आवेदन किया था। आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन और पटवारी प्रतिवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनका आवेदन निर्धारित समय के भीतर स्वीकृत कर दिया गया। उन्हें केवल एक सप्ताह में निवास प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिया गया।

निधि सेन ने बताया कि आवेदन से लेकर प्रमाण पत्र मिलने तक पूरी प्रक्रिया सरल और पारदर्शी रही। उन्हें किसी सरकारी कार्यालय के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़े, जिससे समय और धन दोनों की बचत हुई। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से अब सरकारी सेवाओं तक पहुंच पहले की अपेक्षा अधिक आसान हो गई है।

उन्होंने राज्य सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समयबद्ध और पारदर्शी सेवा वितरण व्यवस्था से लोगों का सरकारी सेवाओं पर भरोसा बढ़ा है। ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को भी अब आवश्यक प्रमाण पत्र और अन्य सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो रही हैं।

राज्य सरकार का कहना है कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत करने और प्रशासन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह तथा नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार का दावा है कि यह व्यवस्था नागरिकों को त्वरित और सुविधाजनक शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने में प्रभावी साबित हो रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS