Explore

Search

July 1, 2026 11:15 pm

उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी का रास्ता साफ, 156 खिलाड़ियों के चयन को मंजूरी

रायपुर। प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को शासकीय सेवा में नियुक्ति देने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समिति की बैठक में वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए प्राप्त आवेदनों की समीक्षा के बाद 20 खेलों के 156 खिलाड़ियों के चयन को मंजूरी दी गई। चयनित खिलाड़ियों की सूची अब अधिसूचना जारी करने के लिए सामान्य प्रशासन विभाग को भेजी जाएगी।

मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित बैठक में उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव सहित समिति के सदस्यों ने सभी आवेदनों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया। अधिसूचना जारी होने के बाद चयनित खिलाड़ियों को पात्रता के अनुसार शासकीय सेवा में नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। लंबे समय से इस सूची का इंतजार कर रहे खिलाड़ियों को इससे राहत मिलने की उम्मीद है।

बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, समयबद्ध और प्रोत्साहन आधारित हो। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट खिलाड़ियों की उपलब्धियां नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा हैं, इसलिए उनकी सेवाओं का उपयोग प्रशिक्षण, प्रतिभा संवर्धन और खिलाड़ियों के मार्गदर्शन में भी किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल खिलाड़ियों को सम्मानित करना नहीं, बल्कि ऐसी सुदृढ़ खेल व्यवस्था विकसित करना है, जहां गांव से लेकर राज्य स्तर तक प्रतिभाओं की समय पर पहचान हो और उन्हें आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर संसाधन तथा प्रतिस्पर्धात्मक अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने खेल गतिविधियों को और प्रभावी बनाने तथा खिलाड़ियों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने पर जोर दिया।

बैठक में बताया गया कि प्रदेश में अब तक 182 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को घोषित किया जा चुका है। वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए जारी विज्ञापन के आधार पर प्राप्त आवेदनों की जांच और निर्धारित मानकों के परीक्षण के बाद 156 खिलाड़ियों को पात्र पाया गया।

बैठक में वन मंत्री केदार कश्यप, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक श्रीमती तनुजा सलाम उपस्थित रहीं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS