Explore

Search

August 23, 2026 4:06 am

आलेवाही–सिंदेवाही रेलखंड पर 26 मीटर स्पैन गर्डर का डी-लॉन्चिंग कार्य पूरा

नागपुर, 28 जून। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल ने आधारभूत संरचना विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए आलेवाही–सिंदेवाही रेलखंड के मध्य 26 मीटर स्पैन गर्डर का डी-लॉन्चिंग कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। यह कार्य मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में अभियंत्रिकी विभाग द्वारा सुरक्षित एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर संपन्न किया गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, गर्डर की लॉन्चिंग 27 मई 2026 को शुरू की गई थी। लगभग एक माह में 62 मीटर बॉक्स पुशिंग तकनीक के माध्यम से डी-लॉन्चिंग का कार्य पूरा किया गया। तकनीकी दृष्टि से यह कार्य काफी चुनौतीपूर्ण माना जा रहा था।

बताया गया कि राज्य सिंचाई विभाग की नहर के कारण यह कार्य लंबे समय से लंबित था। अभियंत्रिकी टीम ने नहर को बिना किसी नुकसान पहुंचाए और सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए इस जटिल कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया। इससे आलेवाही–सिंदेवाही रेल परियोजना के निर्माण कार्य में तेजी आने की उम्मीद है।

मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने इस उपलब्धि पर अभियंत्रिकी, निर्माण, परिचालन, विद्युत, सिग्नल एवं दूरसंचार सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वय और तकनीकी दक्षता की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता टीम के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।

रेलवे के अनुसार, इस कार्य के पूरा होने से परियोजना के शेष निर्माण कार्यों में तेजी आएगी और भविष्य में इस रेलखंड पर सुरक्षित एवं सुगम रेल परिचालन का मार्ग प्रशस्त होगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS