Explore

Search

October 8, 2026 5:10 am

ऑपरेशन शंखनाद के तहत लैलूंगा पुलिस ने सात गौवंश बचाए, तस्कर वाहन छोड़कर फरार

रायगढ़, 28 जून। रायगढ़ पुलिस के “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत लैलूंगा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए झारखंड के बूचड़खाने ले जाए जा रहे सात गौवंशों को सुरक्षित बचाया है। पुलिस ने परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप वाहन जब्त कर अज्ञात चालक के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव को सूचना मिली थी कि बोलेरो पिकअप क्रमांक JH-01-FL-9697 में गौवंशों को अवैध एवं क्रूरतापूर्वक भरकर झारखंड ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने सोनाजोरी-बरदरहा जंगल मार्ग पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर चालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया। उसकी तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली।

वाहन की तलाशी में पांच गाय और दो बछुआ सहित कुल सात गौवंश भूखे-प्यासे एवं अमानवीय परिस्थितियों में मिले। पुलिस ने सभी गौवंशों को सुरक्षित मुक्त कराया। साथ ही लगभग 35 हजार रुपये मूल्य के गौवंश और करीब तीन लाख रुपये मूल्य की बोलेरो पिकअप सहित कुल 3.35 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

इस मामले में थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 208/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 एवं 11 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। फरार आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव, प्रधान आरक्षक एडमोन खेस, नंद कुमार पैंकरा तथा आरक्षक राजू तिग्गा और अभय मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि गौवंशों की अवैध तस्करी और उनके साथ क्रूरता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

CRIME NEWS

BILASPUR NEWS