बिलासपुर। रतनपुर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष लवकुश कश्यप के खिलाफ पद के दुरुपयोग कर सरकारी जमीन पर कथित अवैध कब्जा करने और एक महिला को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है। मामले में रतनपुर के वार्ड क्रमांक 8 भेड़ीमुड़ा निवासी विमला कश्यप ने बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को लिखित शिकायत सौंपकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में विमला कश्यप ने बताया है कि उनके परिवार की खसरा नंबर 3938 स्थित कृषि भूमि, जिसका कुल रकबा 1.0960 हेक्टेयर है, पर उनके पूर्वजों का पिछले 80 से 90 वर्षों से कब्जा और खेती होती रही है।
महिला का आरोप है कि नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप ने प्रशासनिक अधिकारियों से मिलीभगत कर उनकी भूमि से लगी सरकारी जमीन को अपने प्रभाव में ले लिया। शिकायत के अनुसार, नगर पालिका के जेसीबी और ट्रैक्टरों का उपयोग कर जमीन का समतलीकरण कराया गया तथा वहां निर्माण कार्य शुरू कराया गया।
विमला कश्यप ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि जब उनके परिवार ने निर्माण कार्य का विरोध किया, तब उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। महिला का कहना है कि उन्हें कथित रूप से अश्लील गालियां दी गईं, सामाजिक रूप से प्रताड़ित किया गया तथा उन्हें टोनही कहकर अपमानित किया गया। इसके साथ ही मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल इस मामले में नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस द्वारा शिकायत की जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।
प्रधान संपादक


