Explore

Search

June 25, 2026 10:09 pm

सहकारिता सप्ताह को जनआंदोलन बनाने की तैयारी, प्रदेशभर में होंगे विविध आयोजन

रायपुर। भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 29 जून से 6 जुलाई तक छत्तीसगढ़ में सहकारी सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान प्रदेशभर में सहकारिता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्य स्तरीय सहकारी चिंतन शिविर, सहकार मेला, अंतरराष्ट्रीय सहकारिता दिवस समारोह और सहकारी संगोष्ठी का आयोजन भी किया जाएगा।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम 3 और 4 जुलाई को रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर के कृषि मंडपम ऑडिटोरियम, लाभांडी में होगा। इसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि होंगे, जबकि सहकारिता मंत्री केदार कश्यप कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।

तैयारियों की समीक्षा

सहकारी सप्ताह के सफल आयोजन को लेकर सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने 23 जून को विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली थी। इसके अलावा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की पैक्स समितियों के प्राधिकृत अधिकारियों और संभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। मंत्री ने सभी संबंधित संस्थाओं और समितियों से आयोजन में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा सहकारिता आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

2573 पैक्स समितियों में होंगे कार्यक्रम

सहकारी सप्ताह के दौरान प्रदेश की 2573 पैक्स समितियों के साथ-साथ दुग्ध, मत्स्य, बुनकर और अन्य सहकारी समितियों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें सहकारी ध्वजारोहण, सदस्यता अभियान, माइक्रो एटीएम, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) और रू-पे केसीसी कार्ड वितरण, सहकार दौड़, वृक्षारोपण, मृदा परीक्षण तथा कृषक संगोष्ठियों का आयोजन शामिल है। एफपीओ और पैक्स की भूमिका पर परिचर्चाएं भी आयोजित की जाएंगी।

नौ पैक्स गोदामों का होगा भूमिपूजन

सहकारी सप्ताह के समापन अवसर पर 6 जुलाई को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सहकारी क्षेत्र में विकेंद्रीकृत अन्न भंडारण योजना के तहत प्रदेश के नौ पैक्स में गोदाम निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करेंगे।

सहकार मेले में प्रदर्शित होंगे सफल मॉडल

रायपुर में आयोजित होने वाले सहकार मेले में सहकारिता क्षेत्र की उपलब्धियों, नवाचारों और सफल मॉडलों को प्रदर्शित किया जाएगा। किसानों, महिला स्व-सहायता समूहों, दुग्ध उत्पादकों, मत्स्य पालकों, बुनकरों और ग्रामीण उद्यमियों को सहकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष गतिविधियां भी आयोजित होंगी।

राष्ट्रीय संस्थाओं की रहेगी भागीदारी

कार्यक्रम में पैक्स, दुग्ध, मत्स्य, लघु वनोपज और बुनकर सहकारी समितियों के अलावा नाबार्ड, एनसीडीसी, एनसीसीएफ, नैफेड, इफको और कृभको सहित कई राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय संस्थाएं भाग लेंगी।बैठक में सहकारी सप्ताह की रूपरेखा, विभिन्न गतिविधियों के संचालन और व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित प्रतिनिधियों ने सहकारिता आंदोलन को और मजबूत बनाने तथा आयोजन को सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS