Explore

Search

August 20, 2026 9:53 am

छत्तीसगढ़ में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की स्थापना का प्रस्ताव, अमित शाह से मिले मुख्यमंत्री साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ को आयुर्वेद चिकित्सा, अनुसंधान और उच्च शिक्षा के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर राज्य में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (एआईआईए) की स्थापना का आग्रह किया। नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में हुई बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई दिल्ली और गोवा के पणजी में संचालित एआईआईए देश में आयुर्वेद आधारित चिकित्सा, अनुसंधान और नवाचार के उत्कृष्ट केंद्र के रूप में स्थापित हो चुके हैं। इन संस्थानों ने आधुनिक विज्ञान और पारंपरिक चिकित्सा पद्धति के समन्वय से स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा दी है तथा बड़ी संख्या में प्रशिक्षित आयुर्वेद चिकित्सक और शोधकर्ता तैयार किए हैं।

साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों और औषधीय संपदा से समृद्ध राज्य है। प्रदेश का बड़ा हिस्सा वनाच्छादित है, जहां अनेक दुर्लभ औषधीय वनस्पतियां और जड़ी-बूटियां उपलब्ध हैं। साथ ही जनजातीय क्षेत्रों में पारंपरिक औषधीय ज्ञान की समृद्ध विरासत भी मौजूद है। ऐसे में यहां एआईआईए की स्थापना आयुर्वेद चिकित्सा और अनुसंधान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्थान की स्थापना से प्रदेशवासियों को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। युवाओं को राष्ट्रीय स्तर के संस्थान में अध्ययन, अध्यापन और अनुसंधान के अवसर प्राप्त होंगे। इससे आयुर्वेद चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य, शिक्षा तथा अनुसंधान के क्षेत्र में नई पहचान बना सकेगा।

उन्होंने कहा कि इस संस्थान का लाभ केवल छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि मध्य भारत के अन्य राज्यों के नागरिकों को भी बेहतर आयुर्वेदिक उपचार और शोध सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय बजट 2026 में देश में तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थानों की स्थापना की घोषणा का उल्लेख करते हुए इनमें से एक संस्थान छत्तीसगढ़ को देने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इससे स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ रोजगार, अनुसंधान और ज्ञान आधारित विकास को भी गति मिलेगी।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बस्तर समेत राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों, अधोसंरचना विस्तार और जनहितकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी भी केंद्रीय गृह मंत्री को दी।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य में विकास और जनकल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS