छत्तीसगढ़ कसडोल। बलौदाबाजार जिले के कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम खर्वे में पिछले चार माह के दौरान हुई आठ लोगों की संदिग्ध मौतों का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में गांव का ही निवासी रामसहाय जायसवाल इन मौतों का आरोपी निकला। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने पुरानी रंजिश, मानसिक कुंठा और प्रतिशोध की भावना के चलते अपने परिचित लोगों को शराब में जहर मिलाकर मौत के घाट उतार दिया। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार छह जून को ग्रामीणों ने एसडीओपी कसडोल को आवेदन देकर फरवरी से मई 2026 के बीच गांव में हुई आठ संदिग्ध मौतों की जांच की मांग की थी। ग्रामीणों ने गांव के ही रामसहाय जायसवाल पर संदेह जताया था। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। सात मृतकों के शवों का उत्खनन कर पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के लिए रायपुर भेजा गया। एक मृतक बुधराम जायसवाल का अंतिम संस्कार पहले ही हो चुका था।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी ने चूहा मारने की दवा के नाम पर सुहागा (जहरीला पदार्थ) प्राप्त किया था। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती और बारीकी से पूछताछ के बाद उसने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश शर्मा ने बताया कि आरोपी ने सबसे पहले जहर का परीक्षण एक कुत्ते पर किया। इसके बाद उसने एक-एक कर अपने परिचित लोगों को निशाना बनाया। आरोपी ने पुरानी दुश्मनी, गाली-गलौज, जमीन विवाद, कर्ज के लेन-देन, पत्नी पर गलत नजर रखने की आशंका, टोना-टोटका और चुनावी विवाद जैसे कारणों से लोगों को शराब में जहर मिलाकर पिलाया, जिससे उनकी मौत हो गई।
जांच में सामने आया कि छह फरवरी से 14 मई 2026 के बीच बद्री, बुठालु, छत्तूराम, बुधराम, विनोद कुमार, गजानंद, चैतूराम और महेतरू राम की मौत इसी तरीके से हुई। वहीं कार्तिक नामक व्यक्ति को भी आरोपी ने जहर मिली शराब पिलाई थी, लेकिन समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच गई। इस मामले में हत्या के प्रयास का प्रकरण भी दर्ज किया गया है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देता था। किसी को उस पर संदेह न हो, इसलिए वह बीमार पड़ने पर लोगों को अस्पताल पहुंचाने और मौत के बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में भी शामिल रहता था।
पुलिस ने आरोपी रामसहाय जायसवाल (46) निवासी ग्राम पुराना खर्वे को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ आठ हत्या और एक हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
प्रधान संपादक


