जशपुर के गंभीर किडनी रोगी को मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से मिली राहत, अहमदाबाद में होगा उपचार
रायपुर, 21 जून। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के एक गंभीर किडनी रोगी के उपचार और किडनी प्रत्यारोपण के लिए 3 लाख 95 हजार 121 रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। यह सहायता मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत प्रदान की गई है।
जानकारी के अनुसार जशपुर निवासी 44 वर्षीय जितेन्द्र कुमार यादव गंभीर किडनी रोग से पीड़ित हैं और उन्हें रेनल ट्रांसप्लांट की आवश्यकता है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उपचार कराना कठिन हो रहा था। इस दौरान मरीज के परिजनों ने मुख्यमंत्री के बगिया स्थित कैंप कार्यालय में पहुंचकर आर्थिक सहायता के लिए आवेदन किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सहायता राशि स्वीकृत करने के निर्देश दिए। राज्य नोडल एजेंसी की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह राशि अहमदाबाद, गुजरात स्थित G.R. Doshi and K.M. Mehta Institute of Kidney Diseases and Research Centre में किडनी प्रत्यारोपण, उपचार और आवश्यक दवाइयों के लिए मंजूर की गई है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार गंभीर और आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को समय पर आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि किसी भी परिवार को जीवनरक्षक उपचार के अभाव में परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृत सहायता से मरीज और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिली है। परिजनों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आर्थिक सहायता मिलने से अब आवश्यक उपचार कराना संभव हो सकेगा। सरकार की यह पहल संवेदनशील शासन और जनकल्याण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
प्रधान संपादक


