बिलासपुर।अग्रवाल सेवा समिति द्वारा संचालित भारतीय नगर मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य का रविवार को जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने अवलोकन किया। इस दौरान मुक्तिधाम परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक अमर अग्रवाल, महापौर पूजा विधानी, पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह तथा नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे शामिल हुए। अतिथियों ने परिसर में नीम के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि मुक्तिधाम केवल अंतिम संस्कार का स्थल नहीं, बल्कि सामाजिक संवेदनाओं और सेवा भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधायुक्त बनाए रखने में समाज की भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने अग्रवाल सेवा समिति के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए अन्य सामाजिक संगठनों से भी सार्वजनिक स्थलों के संचालन एवं रखरखाव में सहयोग की अपील की।

आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा कि अग्रवाल समाज हमेशा सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने भारती नगर मुक्तिधाम में विकसित सुविधाओं की प्रशंसा करते हुए इसे सेवा और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
कार्यक्रम में अग्रवाल समाज अध्यक्ष शिव अग्रवाल ने स्वागत भाषण दिया, जबकि सीए आनंद अग्रवाल ने सेवा समिति की गतिविधियों और उद्देश्यों की जानकारी दी। अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं तुलसी पौधा भेंट कर सम्मान किया गया। साथ ही सामाजिक दानदाताओं को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि अप्रैल 2025 से मुक्तिधाम का संचालन एवं विकास कार्य किया जा रहा है। लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से परिसर में पक्के चबूतरे, पेयजल व्यवस्था, बैठने की सुविधा, गार्डन, पार्किंग, स्नान गृह, अस्थि कलश लॉकर, प्रकाश व्यवस्था तथा 35 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा रखरखाव, सुरक्षा और सफाई के लिए नियमित कर्मचारियों की व्यवस्था भी की गई है।

कार्यक्रम में अग्रवाल समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के बड़ी संख्या में पदाधिकारी, समाजसेवी एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मनीष अग्रवाल तथा आभार प्रदर्शन अजय जाजोदिया ने किया।
प्रधान संपादक


