
“एसएसपी रजनेश सिंह बोले अवैध कारोबार किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं ,अवैध कबाड़ कारोबार, चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त और बिना दस्तावेज कारोबार करने वालों के खिलाफ चलेगा लगातार सख्त अभियान ,संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालो के खिलाफ होगी कठोर कार्रवाई किसी भी अवैध कारोबार को संरक्षण नहीं”
छत्तीसगढ़ ।बिलासपुर जिले में अवैध कबाड़ कारोबार और चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त पर पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए कबाड़ कारोबारियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस रजनेश सिंह के निर्देश पर चलाए गए विशेष जांच अभियान में जिलेभर के कबाड़ गोदामों में ताबड़तोड़ दबिश दी गई। कार्रवाई के बाद कबाड़ कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संचालित 49 कबाड़ियों की जांच की गई। जांच के दौरान अधिकांश कारोबारियों के पास वैधानिक दस्तावेज नहीं मिले। इस पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 कबाड़ गोदामों को सील कर दिया। अब संबंधित कारोबारियों के दस्तावेजों की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

इधर बिलासपुर के मस्तूरी थाना क्षेत्र में कबाड़ से भरी एक वाहन भी जप्त की गई है। पुलिस ने इस मामले में 18 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। माना जा रहा है कि जांच के दौरान चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त से जुड़े और भी खुलासे हो सकते हैं।

सूत्र बताते हैं कि पिछले कुछ समय से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लोहे, बिजली उपकरणों और शासकीय संपत्तियों की चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। पुलिस को संदेह था कि चोरी का माल कबाड़ कारोबारियों के जरिए खपाया जा रहा है। इसी के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने नाराजगी ज़ाहिर करते हुए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए थे ।

एएसपी पंकज पटेल का कहना है कि बिना लाइसेंस या दस्तावेज के कबाड़ कारोबार करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। सूत्र बताते हैं कि एसएसपी सिंह के निर्देश पर संदिग्ध गतिविधियों में शामिल कारोबारियों की सूची भी तैयार की जा रही है। पुलिस की इस सख्ती के बाद अवैध कबाड़ कारोबारियों में दहशत का माहौल है।
प्रधान संपादक


