छत्तीसगढ़।जशपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन आघात के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 क्विंटल 7 किलो अवैध गांजा जब्त किया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से गांजा, पिकअप वाहन, मोबाइल फोन एवं नगदी सहित कुल 1 करोड़ 13 लाख 60 हजार 550 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार मामला दोकड़ा चौकी क्षेत्र का है। आरोपी पिकअप वाहन में कच्चे आम की ट्रे के नीचे गांजा छिपाकर उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जा रहा था। पुलिस ने वाहन को पीछा कर दबोचा और तलाशी के दौरान 207 पैकेट में कुल 207 किलो गांजा बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रेम नाथ सिंह निवासी बगीचा, जिला जशपुर के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(2)(सी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिलने पर ग्राम देवरी के पास नाकेबंदी की गई थी। संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक तेज रफ्तार से भागने लगा। इसके बाद कांसाबेल एवं दोकड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बहालजोर मार्ग पर वाहन को पकड़ लिया।
वाहन की जांच में प्लास्टिक कैरेट में भरे कच्चे आम के नीचे खाकी टेप से लिपटा गांजा मिला। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजा सुंदरगढ़, उड़ीसा से लेकर आया था और इसे अंबिकापुर पहुंचाना था, जहां से आगे उत्तर प्रदेश भेजा जाना था। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अशोक यादव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी डॉ लाल उम्मेद सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस नशे के कारोबारियों के खिलाफ एंड-टू-एंड जांच कर रही है और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस ने जनवरी 2026 से अब तक जिले में 3 करोड़ 24 लाख रुपये से अधिक कीमत के मादक पदार्थ जब्त किए जा चुके हैं। इस दौरान 744 किलो से अधिक गांजा, प्रतिबंधित कफ सिरप, ब्राउन शुगर एवं गांजा पौधे बरामद कर 27 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
प्रधान संपादक


