Explore

Search

May 8, 2026 5:03 pm

ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 सट्टा खाईवाल गिरफ्तार,नोट गिनने की मशीन सहित नगदी जप्त

रायगढ़, 8 मई। जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस शशि मोहन सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन अंकुश के तहत रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2.70 लाख रुपये नकद, छह मोबाइल फोन, नोट गिनने की मशीन तथा डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं। कुल जब्ती लगभग 4.70 लाख रुपये आंकी गई है।

थाना साइबर और कोतवाली पुलिस ने सीएसपी मयंक मिश्रा एवं डीएसपी साइबर उन्नति ठाकुर के नेतृत्व में संयुक्त कार्रवाई करते हुए आईपीएल मैचों की आड़ में संचालित ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का पर्दाफाश किया। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार पहली कार्रवाई कोतरारोड बायपास स्थित आर.एस. ट्रेडिंग कंपनी कार्यालय में की गई। यहां साकेत सिंघानिया को मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते पकड़ा गया। जांच में मोबाइल से ऑनलाइन बेटिंग आईडी, व्हाट्सएप चैट, यूपीआई बारकोड एवं लेनदेन से संबंधित डिजिटल साक्ष्य मिले। पुलिस ने आरोपी के पास से विवो मोबाइल और आईफोन-13 प्रो जब्त किया।

दूसरी कार्रवाई पुराना पंजाब नेशनल बैंक के पास एक राशन दुकान में की गई, जहां रितेश डालमिया को ऑनलाइन सट्टा खिलाते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने चांदमारी क्षेत्र में दबिश देकर रौनक मोदनवाल एवं प्रियंका हलवाई को हिरासत में लिया। तलाशी में आरोपियों के पास से आईफोन, विवो एवं सैमसंग मोबाइल, 2.69 लाख रुपये नकद तथा नोट गिनने की इलेक्ट्रॉनिक मशीन बरामद हुई।

तीसरी कार्रवाई संजय मैदान रामभांठा क्षेत्र स्थित एक किराए के मकान में की गई, जहां प्रदीप कुमार पाण्डेय ऑनलाइन सट्टा संचालित करते मिला। जांच में मोबाइल फोन से क्रिकेट गुरु एप, फोन-पे ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और डिजिटल लेनदेन के स्क्रीनशॉट मिले। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल से लगभग 89 हजार 950 रुपये के डिजिटल लेनदेन के साक्ष्य प्राप्त किए हैं। मामले में पिंटू हलवाई को फरार बताया गया है, जिसे आरोपी बनाया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में प्रदीप कुमार पाण्डेय, रितेश डालमिया, प्रियंका हलवाई, रौनक मोदनवाल और साकेत सिंघानिया शामिल हैं।

कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, थाना प्रभारी साइबर निरीक्षक विजय चेलक सहित साइबर और कोतवाली थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा युवाओं और समाज को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से नुकसान पहुंचाने वाला अपराध है। रायगढ़ पुलिस ऐसे संगठित अपराधों के खिलाफ तकनीकी और जमीनी स्तर पर लगातार कार्रवाई कर रही है तथा अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS