Explore

Search

May 4, 2026 6:00 pm

नो पार्किंग पर सख्ती, 67 वाहनों पर कार्रवाई, ध्वनि प्रदूषण पर भी कार्रवाई, 4 बुलेट जब्त

“एसएसपी विजय अग्रवाल का सख्त निर्देश रात में बाजारों का निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने के निर्देश,दुकानदारों को सख्त हिदायत, सफेद पट्टी के भीतर पार्किंग अनिवार्य,नियमों के पालन की अपील, उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई”

दुर्ग, 4 मई। यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस दुर्ग ने नो पार्किंग में खड़े वाहनों के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया। कार्रवाई के तहत 3 मई को कुल 67 वाहनों पर वैधानिक कार्रवाई की गई, जिससे शहर में यातायात नियमों के पालन को लेकर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया। पुलिस ने संशोधित साइलेंसर लगे चार बुलेट वाहनों के खिलाफ भी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई कर ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के प्रयास किए।

रात में बाजारों का निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने के निर्देश

रात्रि के समय शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों आकाश गंगा मार्केट, दक्षिण गंगोत्री, सुपेला मार्केट और पावर हाउस मार्केट—में विशेष निरीक्षण किया गया। इस दौरान दुकानों के बाहर रखे सामान एवं बोर्ड हटाने, सड़क पर किए गए अतिक्रमण समाप्त करने तथा यातायात बाधा उत्पन्न करने वाले कारणों को तत्काल दूर करने के निर्देश मौके पर ही दिए गए।

दुकानदारों को सख्त हिदायत, सफेद पट्टी के भीतर पार्किंग अनिवार्य

यातायात पुलिस ने दुकानदारों और वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की सख्त हिदायत दी। दोपहिया वाहनों को सफेद पट्टी के भीतर खड़ा करने तथा बाजार क्षेत्रों में व्यवस्था बनाए रखने के लिए दुकानदारों को स्वयं निगरानी रखने और आवश्यकतानुसार गार्ड तैनात करने के निर्देश भी दिए गए।

नियमों के पालन की अपील, उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई

पुलिस ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपने वाहन केवल निर्धारित स्थानों पर ही खड़ा करें। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ निरंतर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS