Explore

Search

June 17, 2026 8:09 pm

बिलासपुर रेंज में कानून व्यवस्था पर सख्ती, लंबित 2374 मर्ग प्रकरण जल्द निपटाने आईजी गर्ग के निर्देश

हाईवे पेट्रोलिंग और माइनिंग क्षेत्र पर फोकस,15 दिन में होगा पासपोर्ट सत्यापन

बिलासपुर, 29 अप्रैल। कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज राम गोपाल गर्ग ने  रेंज स्तरीय समीक्षा बैठक ली। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि लंबित मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आईजी ने विशेष रूप से रेंज में लंबित 2374 मर्ग प्रकरणों, खासकर वर्ष 2024 से पूर्व के मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। हत्या जैसे गंभीर अपराधों में डीएनए जांच और एफएसएल रिपोर्ट प्राथमिकता से प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।

सुशासन तिहार: शिकायतों का त्वरित समाधान जरूरी

1 मई से 10 जून तक आयोजित होने वाले ‘सुशासन तिहार’ के दौरान प्राप्त शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर निपटाने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों से कहा गया कि आमजन को समयबद्ध और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

15 दिन में होगा पासपोर्ट सत्यापन

नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया को सरल बनाने के निर्देश दिए गए हैं। अब यह कार्य 15 दिनों के भीतर ऑनलाइन पूरा किया जाएगा और अनावश्यक रूप से आवेदकों को थाने नहीं बुलाया जाएगा।

हाईवे पेट्रोलिंग और माइनिंग क्षेत्र पर फोकस

बैठक में माइनिंग क्षेत्रों में काम करने वाले कर्मियों की निगरानी, उनकी मुसाफिरी दर्ज करने तथा हाईवे पेट्रोलिंग को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही बाहरी राज्यों में जाने वाली पुलिस टीमों को निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

आईजी रेंज गर्ग ने स्पष्ट किया कि सभी अधिकारी शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करें, ताकि आमजन को त्वरित न्याय और बेहतर पुलिस सेवाएं मिल सकें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS