Explore

Search

April 28, 2026 10:56 pm

एआई फेक वीडियो मामले में भूपेश बघेल के समर्थन में कांग्रेस का प्रदर्शन, एफआईआर की मांग

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का कथित आपत्तिजनक एआई-निर्मित फेक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस संबंध में कांग्रेस नेताओं ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराते हुए दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

बताया जा रहा है कि बीते दिनों कांग्रेस पोल खोल नामक सोशल मीडिया आईडी से एक वीडियो इंस्टाग्राम सहित अन्य प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया गया, जिसे कांग्रेस नेताओं ने पूरी तरह भ्रामक और एआई द्वारा तैयार फर्जी सामग्री बताया है। वीडियो के सामने आने के बाद दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर सहित पूरे प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश व्याप्त है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए छत्तीसगढ़ महिला आयोग ने भी स्वतः संज्ञान लेते हुए दुर्ग और रायपुर के पुलिस अधीक्षकों को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

बिलासपुर में प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अभयनारायण राय, पूर्व सहकारी बैंक अध्यक्ष प्रमोद नायक और पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष जावेद मेमन ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर आवेदन सौंपा। शिकायत में मांग की गई है कि वीडियो बनाने वाले, उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वाले तथा संबंधित आईडी संचालकों के खिलाफ जांच कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

शिकायतकर्ता अभयनारायण राय ने कहा कि यह वीडियो पूरी तरह असत्य, भ्रामक और एआई जनरेटेड है, जिसके माध्यम से भूपेश बघेल की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वीडियो में महिला सम्मान को भी ठेस पहुंचाई गई है, जो गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।

प्रमोद नायक ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं समाज में अराजकता फैलाती हैं और शासन-प्रशासन को स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ एफआईआर या वैधानिक कार्रवाई नहीं हुई, तो बड़े आंदोलन का सामना करना पड़ सकता है।

आवेदन सौंपते समय रंजीत सिंह एनएसयूआई अध्यक्ष बिलासपुर ऋषि कश्यप प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस मोहम्मद अयाज खान, मोहम्मद रिजवान, मोनू ठाकुर, शुभम नागदौने और अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

सिविल लाइन थाना प्रभारी सुब्रत साहू ने आवेदन प्राप्त कर पावती दी और आश्वासन दिया कि वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS