Explore

Search

April 28, 2026 8:52 pm

शंकराचार्य जयंती पर गोस्वामी समाज का प्रादेशिक आयोजन संपन्न, प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

रायपुर।छत्तीसगढ़ सनातन गोस्वामी समाज द्वारा आद्य जगद्गुरु आदि शंकराचार्य की जयंती के अवसर पर रविवार को शहीद स्मारक भवन, रायपुर में गरिमामय एवं हर्षोल्लासपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में विभिन्न संत-महात्माओं की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दंडी स्वामी श्री ज्योतिर्मयानंद सरस्वती (श्री शंकराचार्य आश्रम, सलधा, जिला बेमेतरा), श्री विवेक गिरी जी महाराज (थानापति गौर कापा आश्रम, जिला मुंगेली), डॉ. महंत रामसुन्दर दास (दूधाधारी मठ, रायपुर) एवं सच्चिदानंद गिरी, राष्ट्रीय अध्यक्ष, अखिल भारतीय गोस्वामी महासभा, दिल्ली मंचासीन रहे।

समारोह की अध्यक्षता प्रांतीय अध्यक्ष मोहनपुरी गोस्वामी ने की। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र पुरी, संरक्षक चित्रसेन गिरी एवं लिल्लार पुरी, महंत हरभूषण गिरी (कंकाली मठ रायपुर), महंत सुरेन्द्र पुरी, महंत किशोर पुरी (मुंगेली) सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ आद्य जगद्गुरु शंकराचार्य की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन, पुष्पांजलि, मंत्रोच्चार एवं आरती के साथ किया गया। इसके पश्चात समाज के युवाओं द्वारा बैनर-पोस्टर के साथ बाइक रैली के रूप में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः शहीद स्मारक भवन पहुंचकर संपन्न हुई।

समारोह के दौरान समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं एवं कला व साहित्य के क्षेत्र में उभरती प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हुए सदस्यों का अभिनंदन किया गया। विवाह योग्य युवक-युवतियों का परिचय सम्मेलन भी आयोजन का हिस्सा रहा।

अतिथि उद्बोधन के उपरांत सभी अतिथियों एवं विभिन्न जिलों के अध्यक्षों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन नरेंद्र पुरी द्वारा किया गया। अंत में जिलाध्यक्ष रायपुर वेदपुरी गोस्वामी ने उपस्थित अतिथियों एवं समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में समाज की मातृशक्ति की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS