Explore

Search

April 4, 2026 3:00 pm

महिला फुटबॉल में छत्तीसगढ़ का शानदार प्रदर्शन

रायपुर, 02 मार्च 2026।खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के अंतर्गत स्वामी विवेकानंद एथलेटिक स्टेडियम, कोटा में आयोजित महिला फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने झारखंड को 1-0 से पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।

फाइनल मैच में दोनों टीमों के बीच कड़ा और रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। मैच की शुरुआत से ही दोनों पक्षों ने संतुलित खेल का प्रदर्शन किया। पहले हाफ में दोनों टीमें गोल करने में सफल नहीं हो सकीं और स्कोर 0-0 की बराबरी पर रहा। खिलाड़ियों ने मजबूत रक्षा पंक्ति के साथ आक्रामक प्रयास भी किए, जिससे मुकाबला दर्शकों के लिए रोचक बना रहा।

दूसरे हाफ में छत्तीसगढ़ की टीम ने आक्रामक रणनीति अपनाई। टीम की कप्तान किरण पिस्दा ने निर्णायक गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद छत्तीसगढ़ की खिलाड़ियों ने अनुशासित खेल का प्रदर्शन करते हुए इस बढ़त को अंत तक बनाए रखा।

अंततः छत्तीसगढ़ ने यह मुकाबला जीतकर महिला फुटबॉल प्रतियोगिता का स्वर्ण पदक हासिल किया। इस जीत के साथ टीम ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, संयम और टीमवर्क का परिचय दिया।

इस अवसर पर खेल विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक खेल एवं युवा कल्याण श्रीमती तनुजा सलाम, खेल विभाग के अधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य, बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS