
“मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना ने न केवल आवागमन को आसान बनाया बल्कि स्वास्थ्य, शिक्षा और प्रशासनिक सेवाओं तक पहुंच भी सुगम कर दी,यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है और जशपुर जैसे दूरस्थ इलाकों में विकास की नई राह खोल रही है”
रायपुर, 2 अप्रैल 2026।प्रदेश के दूरस्थ और पहाड़ी ग्रामीण क्षेत्रों में अब विकास की तस्वीर तेजी से बदलती नजर आ रही है। जिन गांवों में कभी बस की कल्पना भी नहीं की जाती थी, आज वहां बस के पहुंचते ही बच्चों के चेहरे खिल उठते हैं। सड़क पर बस दिखते ही बच्चे हाथ हिलाकर खुशी जाहिर करते हैं, वहीं हॉर्न की आवाज सुनते ही ग्रामीण घरों से बाहर निकल आते हैं एक नई उम्मीद के साथ।यह उम्मीद अब शहर मुख्यालय, नगर मुख्यालय और विकासखंड मुख्यालय तक आसान और सुलभ पहुंच की है।
ग्रामीणों के अनुसार, पहले उन्हें एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने के लिए पैदल या निजी साधनों पर निर्भर रहना पड़ता था। इससे समय और श्रम दोनों अधिक लगता था। अब बस सेवा शुरू होने से हालात में बड़ा बदलाव आया है। स्कूली बच्चे समय पर स्कूल पहुंच रहे हैं, जबकि अधिकारी-कर्मचारी भी नियमित रूप से अपनी ड्यूटी निभा पा रहे हैं।
यह परिवर्तन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के माध्यम से संभव हुआ है। योजना के तहत अब बसें उन गांवों तक पहुंच रही हैं, जहां पहले परिवहन सुविधा का अभाव था।
पहाड़ी अंचल की महिलाओं को मिली राहत

जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड के सन्ना गांव की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती सुनीता निकुंज ने बताया कि पहले उन्हें अपने केंद्र तक पहुंचने के लिए लिफ्ट लेनी पड़ती थी या पैदल जाना पड़ता था। पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण यह काफी कठिन होता था।उन्होंने कहा अब ग्रामीण बस सेवा शुरू होने से मेरी बड़ी समस्या खत्म हो गई है। यह बस मेरे लिए बहुत अच्छा साधन बन गई है।
ग्रामीणों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

बस में सफर कर रहे ग्राम मरंगी निवासी दशरथ भगत ने बताया कि पहले इस मार्ग पर बस सेवा नहीं थी, जिससे उन्हें पैदल आना-जाना करना पड़ता था।उन्होंने प्रसन्नता जताते हुए कहा अब मुख्यमंत्री की पहल से बस शुरू हो गई है। हम आसानी से बगीचा जाते हैं और समय पर वापस भी लौट आते हैं।

इसी तरह यात्री मंगलराम ने बताया कि पहले वे छिछली और चंपा जैसे बाजारों तक पैदल जाया करते थे, लेकिन अब बस सेवा से उन्हें काफी सुविधा मिल रही है।
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना ने न केवल आवागमन को आसान बनाया है, बल्कि स्वास्थ्य, शिक्षा और प्रशासनिक सेवाओं तक पहुंच भी सुगम कर दी है। यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है और जशपुर जैसे दूरस्थ इलाकों में विकास की नई राह खोल रही है।
प्रधान संपादक


