Explore

Search

March 31, 2026 9:28 pm

जांजगीर-चांपा में महिला सुरक्षा को नई मजबूती: महिला थाना शुरू, साइबर जागरूकता पर आईजी का विशेष जोर

छत्तीसगढ़ ।जांजगीर जिले में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को नई दिशा देते हुए जांजगीर-चांपा में महिला थाना का शुभारंभ किया गया। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक आईपीएस रामगोपाल गर्ग ने फीता काटकर विधिवत थाने का उद्घाटन किया। इस पहल को महिलाओं के लिए त्वरित न्याय और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान आईजी श्री गर्ग ने स्पष्ट किया कि महिला थाना केवल शिकायत दर्ज करने का केंद्र नहीं होगा, बल्कि पीड़ित महिलाओं को भरोसेमंद वातावरण और संवेदनशील सहायता प्रदान करने का मंच भी बनेगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला संबंधित मामलों में प्राथमिकता और संवेदनशीलता बरती जाए।

परिवार परामर्श को मिली मजबूती

समारोह में परिवार परामर्श से जुड़े काउंसलरों को पहचान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आईजी श्री गर्ग ने कहा कि पारिवारिक विवादों के शांतिपूर्ण समाधान में काउंसलरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिससे समाज में सौहार्द बना रहता है।

महिला कमांडो टीम की सराहना

जिले में गठित महिला कमांडो टीम के कार्यों की भी सराहना की गई। आईजी रामगोपाल गर्ग ने टीम की तत्परता और सुरक्षा व्यवस्था में उनके योगदान को सराहनीय बताया।

साइबर अपराध पर सख्ती और जागरूकता पर फोकस

आईजी बिलासपुर रेंज ने साइबर थाना जांजगीर का निरीक्षण कर लंबित प्रकरणों की समीक्षा की और त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने डिजिटल साक्ष्यों के सुरक्षित संकलन और आधुनिक तकनीक के उपयोग पर जोर दिया।साथ ही, आम नागरिकों को साइबर धोखाधड़ी से बचाने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता बताई।इस दौरान संचार साथी मोबाइल एप की जानकारी भी साझा की गई, जिसके माध्यम से नागरिक संदिग्ध कॉल, मैसेज की शिकायत, खोए मोबाइल की ब्लॉकिंग और फर्जी नंबरों की पहचान कर सकते हैं।

प्रेस और समाज से भी आईजी गर्ग ने किया संवाद

आईजी रामगोपाल गर्ग ने प्रेस प्रतिनिधियों से भेंट कर पुलिस की प्राथमिकताओं को साझा किया। उन्होंने कहा कि मीडिया और पुलिस के समन्वय से ही समाज में सुरक्षा का मजबूत वातावरण बनाया जा सकता है।इसके साथ ही जिले के गणमान्य नागरिकों को सम्मानित कर उनके सामाजिक योगदान की सराहना की गई।

आदिवासी समाज के प्रयासों की सराहना

आईजी रेंज ने गोड़ समाज के लोगों से मुलाकात कर उनके द्वारा पारंपरिक शराब निर्माण छोड़ स्वरोजगार अपनाने के प्रयासों की सराहना की। इसे समाज में सकारात्मक बदलाव का उदाहरण बताया गया।

तकनीकी संसाधनों का अवलोकन

कार्यक्रम के दौरान पुलिस ड्रोन कैमरे का निरीक्षण करते हुए आईजी गर्ग ने उसके रख-रखाव और प्रभावी उपयोग के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इस अवसर पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS