“मैच के बाद किरण ने कहा,टीम को हर हाल में फाइनल में पहुंचाना था मुझे गोलकीपिंग में भी भरोसा था और टीम के लिए योगदान देकर खुशी हो रही है”

रायपुर 31 मार्च 2026।खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में छत्तीसगढ़ की महिला टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फुटबॉल और हॉकी दोनों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। कप्तान किरण पिस्दा के नेतृत्व में जहां फुटबॉल टीम फाइनल में पहुंच गई है, वहीं महिला हॉकी टीम भी कांस्य पदक की दौड़ में बनी हुई है।
फुटबॉल: कप्तान किरण का ऑलराउंड प्रदर्शन
स्वामी विवेकानंद कोटा स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल में छत्तीसगढ़ ने अरुणाचल प्रदेश को पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। निर्धारित समय तक मुकाबला 2-2 से बराबरी पर रहा।
कप्तान किरण पिस्दा ने पूरे मैच में हरफनमौला खेल दिखाया। उन्होंने आक्रामक भूमिका निभाते हुए 18वें मिनट में गोल कर टीम को 2-0 की बढ़त दिलाई। हालांकि, अरुणाचल प्रदेश ने वापसी करते हुए 41वें और 86वें मिनट में गोल कर स्कोर बराबर कर दिया।
निर्णायक क्षण में किरण ने साहसिक फैसला लेते हुए खुद गोलकीपिंग की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने शूटआउट में दो महत्वपूर्ण बचाव किए और एक पेनल्टी गोल भी दागा। उनके इस प्रदर्शन ने टीम को फाइनल में पहुंचा दिया।
मैच के बाद किरण ने कहा, मेरा लक्ष्य टीम को हर हाल में फाइनल में पहुंचाना था। मुझे गोलकीपिंग में भी भरोसा था और टीम के लिए योगदान देकर खुशी हो रही है।
अब फाइनल में छत्तीसगढ़ का सामना झारखंड और गुजरात के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा।
हॉकी: कांस्य पदक पर नजर
दूसरी ओर, इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में चल रही प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की महिला हॉकी टीम कांस्य पदक मुकाबले में पहुंच गई है।
सेमीफाइनल में टीम को ओडिशा के खिलाफ 1-5 से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन अब टीम 1 अप्रैल को मध्य प्रदेश के खिलाफ कांस्य पदक के लिए मैदान में उतरेगी।
कप्तान कुजूर अश्विन के नेतृत्व में टीम पदक जीतकर टूर्नामेंट का समापन सकारात्मक रूप से करने के इरादे से उतरेगी।
हॉकी का फाइनल मुकाबला भी 1 अप्रैल को झारखंड और ओडिशा के बीच खेला जाएगा।
प्रधान संपादक


