बिलासपुर, 23 मार्च 2026।दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स वीर आज़ाद समूह द्वारा 22 मार्च 2026 को विश्व जल दिवस उत्साहपूर्वक एवं सक्रिय सहभागिता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला मुख्यालय के समीप स्थित रेलवे कॉलोनी से जल जागरूकता रैली के साथ हुई। रैली के दौरान स्काउट्स एवं गाइड्स ने ‘जल है तो कल है’ एवं ‘Save Water, Save Life’ जैसे नारों के माध्यम से स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को जल संरक्षण के महत्व से अवगत कराया। प्रतिभागियों ने जल के समुचित उपयोग, अपव्यय रोकने तथा भविष्य के लिए जल बचाने का संदेश दिया।
इसके पश्चात जल ही जीवन है विषय पर तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता की विशेषता यह रही कि प्रतिभागियों को क्षेत्रीय भाषाओं में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता प्रदान की गई, जिससे कार्यक्रम अधिक प्रभावी एवं रोचक बना। इस अवसर पर उपस्थित लीडर्स ने भी जल संरक्षण के विषय में प्रेरणादायक विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के दौरान सभी स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स एवं लीडर्स को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। अंत में वॉटर कमिटमेंट पोस्टर पर हस्ताक्षर कर सभी प्रतिभागियों ने जल संरक्षण एवं जनजागरूकता के प्रसार का सामूहिक संकल्प लिया।
यह कार्यक्रम अनुराग कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं जिला आयुक्त स्काउट तथा श्रीमती नेहा सिंह, जिला आयुक्त गाइड के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में संजय मेश्राम, जिला सचिव, दिनेश कुमार यादव, जिला प्रशिक्षण आयुक्त स्काउट दिलीप कुमार स्वाईं, राज्य संगठन आयुक्त स्काउट एवं श्रीमती सुजाता सिंह, जिला संगठन आयुक्त गाइड की विशेष उपस्थिति एवं नेतृत्व रहा।
प्रधान संपादक


