Explore

Search

March 23, 2026 1:58 pm

बहन से संबंध का आरोप लगाकर युवक की बेरहमी से पिटाई, हथौड़े से किया हमला

बिलासपुर। सिरगिट्टी क्षेत्र के हरदीभाठा में एक युवक पर बहन से बात करने का आरोप लगाकर उसकी बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के कुछ युवकों ने अपनी बहन से बातचीत का आरोप लगाते हुए दूसरे गांव से आए मेहमान पर हमला कर दिया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित की शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



सिरगिट्टी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुंगेली जिले के ग्राम पैजनिया निवासी संतोष कुमार कश्यप बिलासपुर के एक निजी संस्थान में काम करते हैं। शनिवार को वे अपने जीजा राजकुमार कौशिक के घर सिरगिट्टी क्षेत्र के बसियाभाठा आए हुए थे। रात करीब आठ बजे संतोष अपने जीजा के साथ हरदीभाठा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में गांव का एक युवक अपने दो साथियों के साथ मिला और संतोष पर अपनी बहन से बातचीत करने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज करने लगा। इस विवाद से संतोष और उनके जीजा हैरान रह गए। संतोष ने खुद पर लगाए जा रहे आरोपों को गलत बताते हुए समझाने का प्रयास किया। लेकिन आरोपी युवक आक्रामक हो गया। इसी बीच उसने अपने पास रखे हथौड़े से संतोष के घुटने पर वार कर दिया, जिससे वे मौके पर ही घायल होकर गिर पड़े। इसके बाद उसके दोनों साथियों ने भी संतोष के साथ मारपीट की। घटना के दौरान संतोष के जीजा ने बीच-बचाव कर किसी तरह उन्हें आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद घायल अवस्था में संतोष को उपचार के लिए ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्होंने पूरे मामले की शिकायत सिरगिट्टी थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS