
अरुणाचल के वेटलिफ्टरों का रायपुर विमानतल पर रंगारंग स्वागत
रायपुर, 22 मार्च 2026। देश में पहली बार आयोजित हो रहे खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के लिए खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ आगमन शुरू हो गया है। रविवार सुबह अरुणाचल प्रदेश के वेटलिफ्टरों का 14 सदस्यीय दल रायपुर पहुंचा, जिसमें 13 खिलाड़ी और एक सपोर्टिंग स्टाफ शामिल है।

राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद विमानतल पर खिलाड़ियों का पारंपरिक अंदाज में भव्य स्वागत किया गया। राऊत नाचा दल की रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा Sports Authority of India (साई) के अधिकारियों ने खिलाड़ियों को गुलाब भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
अधिकारियों के अनुसार, 23 मार्च को विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से बड़ी संख्या में खिलाड़ी रायपुर पहुंचेंगे, जिससे आयोजन की तैयारियां और तेज हो जाएंगी।

गौरतलब है कि यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ के तीन शहरों रायपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर में आयोजित की जा रही है। इस आयोजन में देशभर से करीब तीन हजार जनजातीय खिलाड़ी हिस्सा लेंगे और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
25 मार्च से 3 अप्रैल तक चलने वाले इस आयोजन में पुरुष और महिला वर्गों के अंतर्गत हॉकी, फुटबॉल, कुश्ती, एथलेटिक्स, तैराकी, तीरंदाजी और वेटलिफ्टिंग जैसे सात खेलों में मुकाबले होंगे। छत्तीसगढ़वासियों को इस दौरान रोमांचक प्रतियोगिताएं देखने का अवसर मिलेगा।
प्रधान संपादक


