बिलासपुर। तोरवा क्षेत्र स्थित एक निजी महाविद्यालय की कैंटीन में गुरुवार दोपहर एक गंभीर घटना सामने आई, जहां एक छात्र ने अपने सहपाठी की आंख पर पटाखा फेंककर फोड़ दिया। इस घटना में प्रथम वर्ष का छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पीड़ित छात्र की मां की शिकायत पर तोरवा पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बजरंग चौक निवासी संतोषी सोनी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका बेटा रुद्र नारायण सोनी तोरवा क्षेत्र के एक निजी कॉलेज में प्रथम वर्ष का छात्र है। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे वह कॉलेज की कैंटीन में अपने दोस्तों धनेश्वर, प्रतीक, भूमिका और ऐश्वर्या के साथ बैठा हुआ था। इसी दौरान उनके साथ पढ़ने वाला छात्र तरुण कश्यप वहां पहुंचा। बताया जा रहा है कि तरुण कश्यप ने बिना कारण अपनी जेब से जमीन पर पटककर फोड़ने वाला पटाखा निकाला और सीधे रुद्र नारायण की ओर फेंक दिया। पटाखा उसकी आंख के पास जाकर फट गया, जिससे उसके चेहरे और आंख में गंभीर चोट आई। घटना के बाद कैंटीन में अफरा-तफरी मच गई। घायल छात्र ने तुरंत अपने मामा प्रमोद यादव को सूचना दी, जो मौके पर कॉलेज पहुंचे और उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए। इसके साथ ही घटना की जानकारी उसकी मां को दी गई। मां के पहुंचने के बाद छात्र को आंखों के विशेषज्ञ डॉक्टर को दिखाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सिम्स अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है। इधर, तोरवा पुलिस ने पीड़ित की मां की शिकायत पर आरोपी छात्र के खिलाफ बीएनएस की धारा 118 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी लिए जा रहे हैं। कॉलेज परिसर में हुई इस घटना के बाद छात्रों और अभिभावकों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
प्रधान संपादक


