Explore

Search

March 20, 2026 11:22 pm

ऑपरेशन आघात:नशे के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, अवैध अफीम खेती का पर्दाफाश ,एसएसपी शशि मोहन सिंह खुद पहुंचे मौके पर ,एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को दिए कड़े निर्देश

तमनार के आमाघाट में एक एकड़ में फैली अवैध अफीम की खेती ,मुख्य आरोपी मार्शल सांगो हिरासत में, एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई

“एसएसपी शशि मोहन सिंह का स्पष्ट संदेश रायगढ़ पुलिस नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रही है,जिले में मादक पदार्थों के अवैध उत्पादन, संग्रहण, तस्करी और विक्रय पर सतत निगरानी रखी जा रही है। ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा होगी कठोर कार्रवाई ”

रायगढ़, 20 मार्च। नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन आघात” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तमनार क्षेत्र में संगठित तरीके से चल रही अवैध अफीम खेती का भंडाफोड़ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई ने न केवल स्थानीय स्तर पर बल्कि अंतरराज्यीय नेटवर्क पर भी करारा प्रहार किया है।

एसएसपी सिंह के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे सतत अभियान के तहत 19 मार्च की रात्रि थाना तमनार पुलिस को ग्राम आमाघाट नदी किनारे अवैध अफीम खेती की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही एसएसपी ने त्वरित रणनीति बनाकर मौके पर स्वयं पहुंचकर दबिश दी, जहां करीब एक एकड़ भूमि पर अवैध रूप से अफीम की खेती पाई गई।

कार्रवाई के दौरान झारखंड के खूंटी जिले का निवासी मार्शल सांगो को हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी अपने झारखंड स्थित साथियों के साथ मिलकर पिछले कुछ महीनों से योजनाबद्ध तरीके से इस अवैध खेती को संचालित कर रहा था और इसकी नियमित देखरेख कर रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह स्वयं घटनास्थल पहुंचे और पूरी कार्रवाई की मॉनिटरिंग की। उन्होंने एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स सहित संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि इस अवैध नेटवर्क की गहराई तक जांच कर जुड़े सभी आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

संयुक्त टीम द्वारा मौके पर ही अफीम की फसल को नष्ट करने की कार्रवाई प्रारंभ की गई ,इस संबंध में राजस्व विभाग से मिली जानकारी के अनुसार यह अवैध खेती पांच अलग-अलग खसरा नंबरों की भूमि पर फैली हुई थी, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह गतिविधि संगठित और योजनाबद्ध तरीके से संचालित की जा रही थी।

आरोपी के विरुद्ध थाना तमनार में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और संभावित अंतरराज्यीय कनेक्शन की जांच में जुटी है, जिससे आने वाले समय में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश 

रायगढ़ पुलिस नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रही है। ऑपरेशन आघात’ के तहत जिले में मादक पदार्थों के अवैध उत्पादन, संग्रहण, तस्करी और विक्रय पर सतत निगरानी रखी जा रही है। ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS