बिलासपुर। पचपेड़ी क्षेत्र के ग्राम जोंधरा में एक ग्रामीण की खून से सनी लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के गले पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान मिले हैं, जिससे यह मामला हत्या का लग रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। साथ ही डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक एक्सपर्ट को भी बुलाया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम जोंधरा निवासी चंदन नट (45) भिक्षा मांगकर अपना जीवन यापन करते थे। मंगलवार की शाम वे रोज की तरह भिक्षा मांगकर घर लौटे थे। घर आने के बाद उन्होंने अपने बड़े भाई के साथ कुछ समय तक बातचीत की। इसके बाद वे अपने कमरे में चले गए।
शाम करीब छह बजे उनकी बहू किसी काम से पूजा कक्ष की ओर गई। वहां का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। चंदन नट खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़े थे और उनके गले में धारदार हथियार से वार के गहरे निशान थे। बहू ने तुरंत शोर मचाकर अन्य परिजनों को इसकी जानकारी दी।
घटना के बाद उनका बेटा सुल्तान और अन्य परिजन गंभीर रूप से घायल चंदन को तत्काल अस्पताल लेकर जाने लगे। लेकिन घर से कुछ दूरी पर ही उनकी हालत बिगड़ गई और रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को वापस घर लेकर आए और पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पचपेड़ी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है।
पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के हर पहलू की जांच कर रही है।
प्रधान संपादक


