250 से अधिक चिकित्सकों की सहभागिता, ‘हेल्दी माइन्स’ पर
बिलासपुर।एसईसीएल बिलासपुर की मेजबानी में आयोजित कोल इंडिया मेडिकल कॉन्फ्रेंस सिमेकॉन 2026 का शुभारंभ संपन्न हुआ। सम्मेलन का उद्घाटन कोल इण्डिया लिमिटिड के मुख्य सतर्कता अधिकारी बृजेश कुमार त्रिपाठी एवं एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहन ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम में एसईसीएल के निदेशक मानव संसाधन बिरंची दास, निदेशक वित्त डी. सुनील कुमार मुख्य सतर्कता अधिकारी सीवीओ हिमांशु जैन एवं निदेशक तकनीकी योजना एवं परियोजना रमेश चंद्र महापात्र सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा सम्मेलन स्मारिका का अनावरण भी किया गया।
सम्मेलन में सीएमएस डॉ. श्रुतिदेव मिश्रा तथा डिप्टी मुख्य चिकित्सा अधिकारी, इंदिरा विहार अस्पताल डॉ. अरिहंत जैन सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक एवं अधिकारीगण शामिल हुए।आयोजन में कोल इंडिया एवं उसकी सहायक कंपनियों से आए 250 से अधिक चिकित्सकों ने भाग लिया। साथ ही देश के विभिन्न प्रतिष्ठित अस्पतालों एवं चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

सम्मेलन के दौरान खनन क्षेत्रों में कार्यरत कर्मियों के व्यावसायिक स्वास्थ्य, रोगों की समयबद्ध पहचान, आधुनिक चिकित्सा तकनीकों के उपयोग, आपातकालीन चिकित्सा प्रबंधन तथा डिजिटल स्वास्थ्य निगरानी जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। विभिन्न विशेषज्ञों ने शोधपत्र प्रस्तुत करते हुए नवीन उपचार पद्धतियों एवं प्रभावी स्वास्थ्य प्रबंधन मॉडल पर प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में ‘हेल्दी माइन्स’ की अवधारणा को साकार करने के लिए सुदृढ़ एवं आधुनिक चिकित्सा तंत्र की आवश्यकता पर बल दिया।आयोजन को ज्ञान-विनिमय एवं समन्वय का प्रभावी मंच बताते हुए प्रबंधन ने इसे सफल बताया। सम्मेलन की सुव्यवस्थित व्यवस्था एसईसीएल की प्रशासनिक दक्षता को दर्शाती है।
प्रधान संपादक


