Explore

Search

February 11, 2026 5:36 pm

एक्शन में एसएसपी, अभियान चलाकर पकड़े गए बदमाश, धारदार हथियार भी जब्त

बिलासपुर। अपराध नियंत्रण और वारंट तामिली के लिए पुलिस की अलग-अलग टीम ने मंगलवार रात जिले भर में व्यापक अभियान चलाया। पुलिस एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर मंगलवार की रात जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की गई। अभियान में लगभग 300 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों, संदिग्ध स्थलों, होटल-ढाबों, सार्वजनिक स्थानों और वारंटियों के घरों में दबिश दी गई।

एएसपी पंकज पटेल ने बताया कि अभियान के दौरान 126 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 50 स्थाई वारंटी और 76 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। इसके अलावा गंभीर अपराधों में लंबे समय से फरार चल रहे 11 आरोपियों को भी पकड़ने में पुलि को सफलता मिली। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने कार्रवाई की जा रही है।

निगरानी गुंडों की चेकिंग, 10 पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
कांबिंग गश्त के दौरान निगरानी सूची में दर्ज 41 गुंडा और बदमाशों की चेकिंग की गई। उनकी गतिविधियों का सत्यापन कर उन्हें सख्त चेतावनी दी गई। वहीं संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए 10 व्यक्तियों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। साथ ही अपराधिक गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।



धारदार हथियार बरामद, आर्म्स एक्ट में केस
अभियान के दौरान एक प्रकरण में एक व्यक्ति के कब्जे से धारदार हथियार बरामद किया गया। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस की टीम ने बदमाशों के ठिकानों की भी जांच की। साथ ही अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों की जानकारी जुटाई गई है। बदमाशों से मिली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर शिकंजा
सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की। बीते एक सप्ताह में 105 लोगों पर ड्रंक एंड ड्राइव के मामले में कार्रवाई की गई है। अभियान की रात भी कई चालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए। अधिकारियों ने बताया कि देर रात हाईवे और शहर के भीतर तेज रफ्तार में वाहन चलाने वालों पर निगरानी की जा रही है।



एसएसपी ने की अपील
एसएसपी रजनेश सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय सहयोग दें। वारंटी, फरार आरोपी, अवैध गतिविधियों या संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल निकटतम थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त और सतत वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS