Explore

Search

February 10, 2026 3:02 pm

ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर में 52 किलो से अधिक गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार, एक फरार

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। 

जशपुर।नशे के कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चौकी आरा क्षेत्रांतर्गत पुलिस ने उड़ीसा से गांजा तस्करी कर ला रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 52 किलो 100 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है। तस्करी में प्रयुक्त क्रेटा कार को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मामले में एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 7 फरवरी 2026 की सुबह चौकी आरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक क्रेटा कार क्रमांक CG-13-AM-9231में अवैध गांजा भरकर उड़ीसा से जशपुर लाया जा रहा है। सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने बीरोपानी-काशीबंध जंगल क्षेत्र में नाकाबंदी कर वाहन जांच शुरू की।

इसी दौरान काशीबंध की ओर से आ रही संदिग्ध क्रेटा कार को पुलिस ने घेराबंदी कर रोका। वाहन में सवार तीन व्यक्तियों में से एक पुलिस को देखकर जंगल का लाभ उठाकर फरार हो गया, जबकि दो अन्य को मौके पर हिरासत में ले लिया गया।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपना नाम शहरूख शाह (34 वर्ष), निवासी आजाद मोहल्ला जशपुर तथा तारिक अंसारी (27 वर्ष), निवासी ग्राम कव्वाली मंच के पास जशपुर, थाना सिटी कोतवाली जशपुर बताया। वाहन की तलाशी लेने पर पीछे की डिग्गी से दो बोरियों में रखे 50 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 52 किलो 100 ग्राम पाया गया। आरोपियों ने गांजा उड़ीसा से लाकर जशपुर में बिक्री हेतु ले जाना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा सहित तस्करी में प्रयुक्त क्रेटा कार जब्त कर ली है। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 5 लाख रुपये तथा वाहन की कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई गई है। इस प्रकार कुल लगभग 20 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

मामले में फरार तीसरे आरोपी की पहचान कर ली गई है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। चौकी आरा में आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

इस कार्रवाई में एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर परमा, डीएसपी अजाक भावेश समरत, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, चौकी प्रभारी आरा सहायक उप निरीक्षक चंद्रप्रकाश त्रिपाठी सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऑपरेशन आघात के तहत आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS