Explore

Search

August 27, 2026 12:38 pm

गरियाबंद-ओडिशा सीमा पर माओवादियों का हथियार डम्प उजागर, भारी मात्रा में ऑटोमेटिक हथियार व विस्फोटक बरामद

छत्तीसगढ़ गरियाबंद।जिले के ओडिशा सीमा से लगे पहाड़ी इलाकों में माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री के बड़े डम्प का खुलासा हुआ है। थाना मैनपुर अंतर्गत ग्राम भालूडिग्गी एवं मेटाल क्षेत्र की पहाड़ियों में चलाए गए सघन सर्च अभियान के दौरान जिला पुलिस बल गरियाबंद की ई-30 ऑप्स टीम ने छह अलग-अलग स्थानों से ऑटोमेटिक हथियारों सहित हथियार निर्माण से जुड़ी सामग्री बरामद की है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई डीजीएन डिवीजन के अंतर्गत की गई। जनवरी 2026 में आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा में लौटे माओवादियों से पूछताछ के दौरान यह जानकारी सामने आई थी कि प्रतिबंधित संगठन सीपीआई माओवादी की ओडिशा राज्य कमेटी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा गरियाबंद ओडिशा सीमा की पहाड़ियों में हथियारों एवं टेक्निकल टीम की वेपन वर्कशॉप से संबंधित सामग्री डम्प कर रखी गई है।

प्राप्त इनपुट के आधार पर 6 फरवरी को जिला मुख्यालय गरियाबंद से ई-30 ऑप्स टीम को रवाना किया गया। लगभग 36 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद टीम ने माओवादियों के छह डम्प स्थलों से 02 इंसास राइफल, 01 .303 राइफल, 02 नग 12 बोर, 01 देशी कट्टा, 01 देशी बीजीएल लॉन्चर, 02 सिंगल शॉट हथियार, 127 जिंदा राउंड, 08 मैगजीन, 22 बीजीएल सेल, इलेक्ट्रिक वायर तथा हथियार निर्माण व मरम्मत में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए।

पुलिस के अनुसार माओवादियों की टेक्निकल टीम संगठन के शीर्ष नेतृत्व की सीधी निगरानी में आईईडी, देशी हथियारों के निर्माण और ऑटोमेटिक हथियारों की मरम्मत का कार्य करती थी। यह गतिविधियां ओडिशा राज्य कमेटी से जुड़े मारे गए केंद्रीय समिति सदस्यों चलपति, मनोज एवं गणेश उईके के प्रभाव क्षेत्र में संचालित हो रही थीं।

जिला गरियाबंद पुलिस द्वारा पिछले डेढ़ वर्ष से संचालित नक्सल उन्मूलन अभियान ऑपरेशन विराट के तहत धमतरी–गरियाबंद–नुआपाड़ा डिवीजन में सक्रिय सभी सूचीबद्ध माओवादियों को 26 जनवरी 2026 से पूर्व आत्मसमर्पण अथवा निष्क्रिय किया जा चुका है। हालिया बरामदगी के बाद क्षेत्र में माओवादी हिंसा की आशंका को लगभग समाप्त माना जा रहा है।

पुलिस आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025-26 में अब तक जिले में नक्सलियों से 57 हथियार जिनमें 28 ग्रेडेड ऑटोमेटिक हथियार शामिल हैं तथा 300 कारतूस और 21 मैगजीन जब्त किए जा चुके हैं। इसके अलावा 240 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर 17 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर 7 आईईडी बम और लगभग 100 मीटर कार्डेक्स वायर भी बरामद की गई है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS